संताल एक्सप्रेस संवाददाता
हिरणपुर( पाकुड़ ) । गुप्त सूचना के आधार पर सिविल एसडीओ साइमन मरांडी द्वारा थानाक्षेत्र के रानीपुर सड़क किनारे अवैध रूप से भंडारण किये गए बालू के विरुद्ध छापेमारी की गई है। इस दौरान उनके साथ जिला खनन पदाधिकारी राजेश कुमार, एसडीपीओ डी एन आजाद, प्रभारी थानाध्यक्ष आर डी सिंह आदि मौजूद थे। गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए छापेमारी दल द्वारा पाया गया कि रानीपुर सड़क के दोनों किनारे भारी मात्रा में अवैध बालू का भंडारण किया गया। जिसका किसी प्रकार का चालान किन्ही के द्वारा नहीं प्रस्तुत किया जा सका। जिसपर कार्रवाई करते हुए छापेमारी दल द्वारा करीब 15 ट्रैक्टर बालू को जब्त किया गया। इस बाबत सिविल एसडीओ ने बताया कि सूचना मिली थी कि बालू का अवैध रुप से भंडारण किया गया है। जिसपर कार्रवाई करते हुए उक्त बालू को जब्त किया गया। बालू का भंडारण करना अवैध है इसपर आगे भी कारवाई जारी रहेगी।



