अल्पसंख्यकों पर हो रहे अत्याचारों को रोकने और आध्यात्मिक गुरु की रिहाई की मांग
कोलकाता । बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे हमलों, अत्याचारों को रोकने और आध्यात्मिक गुरु चिन्मय कृष्ण दास की रिहाई की मांग को लेकर पश्चिम बंगाल के सैकड़ों साधु-संतों ने सोमवार को भारत-बांग्लादेश सीमा पर प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन उत्तर 24 परगना जिले के पेट्रापोल बॉर्डर पर हुआ, जिसमें अखिल भारतीय संत समिति के नेतृत्व में कई धार्मिक और सामाजिक संगठनों ने भाग लिया। साधु-संतों ने भारतीय और बांग्लादेशी सरकारों से आग्रह किया कि वे बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों के खिलाफ बढ़ते हमलों और अत्याचार पर तत्काल कार्रवाई करे।

बांग्लादेश की स्थिति पर ममता ने जताई चिंता, कहा-केंद्र सरकार उठाए स्पष्ट कदम
कोलकाता । पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बांग्लादेश की मौजूदा स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए केंद्र सरकार से इसके समाधान के लिए स्पष्ट कदम उठाने की मांग की है। सोमवार को पश्चिम बंगाल विधानसभा के शीतकालीन सत्र में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी या विदेश मंत्री. एस जयशंकर से संसद में इस मुद्दे पर बयान देने की मांग की। साथ ही, ममता ने सुझाव दिया कि केंद्र सरकार बांग्लादेश में शांति स्थापित करने के लिए संयुक्त राष्ट्र से संपर्क कर शांति सैनिकों की तैनाती सुनिश्चित करे। ममता बनर्जी ने इस स्थिति को देखते हुए कहा कि केंद्र सरकार को इसे गंभीरता से लेना चाहिए। उन्होंने दोहराया कि राज्य सरकार केंद्र के दिशा-निर्देशों का पालन करेगी लेकिन बांग्लादेश में स्थिरता के लिए केंद्र को सक्रिय कदम उठाने चाहिए।





