गोड्डा : करीब दस साल से जिले के लोग स्थानीय तौर पर बड़े पर्दे पर फिल्म देखने को लालायित थे। नये दौर में किसी मल्टीप्लेक्स में लग्जीरियस सिनेमा घर में यहां के लोग फिल्म देखने के लिए देवघर, भागलपुर या फिर अन्य किसी शहर जाना पड़ता था। मगर अब लोगों का सपना पूरा हो गया है। अब लोग यहीं पर मल्टीप्लेक्स में बैठकर फिल्म देखने का आनंद ले सकेंगे। गोड्डा में गोड्डा- भागलपुर मुख्य मार्ग पर स्थित कॉम्पलेक्स की तीसरी मंजिल पर सिने कैफे नाम से सिनेमा घर खुल रहा है। इस सिनेमा घर में पांच दिसंबर को पुष्पा-टू के रिलीज के दिन ही लोगों को फिल्म देखने को मिल जायेगा। करीब 100 सीट वाले इस वातानुकूलित सिनेमा हॉल में चार शो, दिन के 10 से रात के दस बजे तक फिल्म देख सकेंगे। इस सिने कैफे में न केवल फिल्म देखने का आनंद मिलेगा, बल्कि यहां परिवार के साथ बैठकर उपर कैंटीन में लंच का भी आनंद ले सकेंगे। मिली जानकारी के अनुसार शहर के गणेश जायसवाल द्वारा यह सिनेमा हॉल खोला जा रहा है। वहीं बताया गया कि पांच हजार स्क्वायर फीट में पूरा हॉल खुल रहा है। टिकट की सुविधा काउंटर के अलावा ऐप के माध्यम से ऑनलाइन बुकिंग भी करा सकेंगे, वहीं डेढ़ सौ से दो सौ रुपए के बीच टिकट होगी। फिलहाल शहर के सिनेमा प्रेमियों को सिनेमा हॉल के उद्घाटन का बेसब्री से इंतजार है।



