●आयुष्मान भारत मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना अंतर्गत जिला शिकायत निवारण समिति की बैठक में निर्णय
●बैठक में भारती अस्पताल के साथ ही सदर अस्पताल, बासुकी त्र्यंबकेश्वर आँख अस्पताल, न्यू केयर अस्पताल और नारायण ऑर्थो के सभी दावों को निरस्त करने का निर्णय
संताल एक्सप्रेस संवाददाता
दुमका । आयुष्मान भारत मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना अंतर्गत जिला शिकायत निवारण समिति (डीजीआरसी) की बैठक शनिवार को उपायुक्त सह अध्यक्ष, जिला शिकायत निवारण समिति आंजनेयुलु दोड्डे की अध्यक्षता में हुई। आयुष्मान भारत मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना अंतर्गत चिन्हित संदेहास्पद दावों पर विचार कर निर्णय के उद्देश्य से आयोजित इस बैठक में कुल पांच अस्पतालों के कुल 92 दावों पर विचार किया गया।इनमें सदर अस्पताल, दुमका के कुल 3 दावे, बासुकी त्र्यंबकेश्वर आँख अस्पताल, दुमका के कुल 3 दावे, न्यू केयर अस्पताल, दुमका के कुल 6 दावे, नारायण ऑर्थो, दुमका के कुल 2 दावे तथा भारती अस्पताल, दुमका के कुल 78 दावे थे। बैठक में समिति द्वारा सदर अस्पताल, दुमका, बासुकी त्र्यंबकेश्वर आँख अस्पताल, न्यू केयर अस्पताल तथा नारायण ऑर्थो के सभी दावों को निरस्त करने का निर्णय लिया गया। साथ ही, इन सभी अस्पतालों को सख्त निदेश दिया गया कि नियमों एवं प्रावधानों के अंतर्गत संस्थानों को संचालित करें अन्यथा भविष्य में इसकी पुनर्रावृत्ति होने पर कानूनी तथा दण्डात्मक कार्रवाई की जाएगी। भारती अस्पताल के कुल 78 दावों पर समिति द्वारा निर्णय लिया गया कि इनके सभी दावों को निरस्त कर दिया जाए और इनका आयुष्मान भारत के अंतर्गत निबंधन रद्द करने की अनुशंसा की जाए।बैठक में दुमका के सिविल सर्जन और जिला शिकायत निवारण समिति के सदस्य मौजूद थे।



