रामा कान्त मालवीय

मधुपुर : इस बार मधुपुर विधानसभा में भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी गंगा नारायण सिंह और इंडिया एलायंस के झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) प्रत्याशी हफीजुल हसन के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिल रही है।हार-जीत का समीकरण बेहद नाजुक बना हुआ है, और रोजाना दोनों ही पक्षों के लिए माहौल कभी बनता तो कभी बिगड़ता नजर आ रहा है। जैसे-जैसे चुनाव का दिन नजदीक आ रहा है, राजनीतिक समीकरणों में भी जबरदस्त उठा-पटक जारी है। इसीलिए, अभी कहना मुश्किल है कि मधुपुर विधानसभा का ताज किसके सिर पर सजेगा? मधुपुर विधानसभा में अक्सर हार-जीत का फैसला बहुत कम अंतर से होता है। पिछले चुनावों में चाहे वह झामुमो हो या भाजपा, दोनों ही पार्टियों के प्रतिनिधियों से जनता ने नाराजगी जताई है।हालांकि, इस बार झारखंड सरकार की मैया सम्मान योजना, बिजली बिल माफी जैसी जनहित योजनाओं से जनता खासा खुश नजर आ रही है। हेमंत सोरेन की इन लाभकारी योजनाओं का फायदा झामुमो के पक्ष में जा सकता है! जनता का कहना है कि “नेता से नहीं, हेमंत सोरेन से उम्मीदें हैं,” क्योंकि उन्होंने झारखंड के गरीबों, किसानों, और महिलाओं का खास ख्याल रखा है। इसलिए, कई मतदाता इस बार हेमंत सोरेन के नाम पर वोट देने का मन बना रहे हैं। अब देखना यह होगा कि 20 नवंबर को जनता किसके पक्ष में वोट डालती है और 23 नवंबर को किसके सिर पर मधुपुर विधानसभा का ताज सजता है—क्या हफीजुल हसन को फिर से जीत का सेहरा मिलेगा, या गंगा नारायण सिंह भाजपा की नई जीत की कहानी लिखेंगे? यह रोमांचक मुकाबला ईवीएम में कैद वोटों की गिनती के बाद ही साफ होगा।



