दुमका। झारखंड सरकार के आदिवासी कल्याण आयुक्त कार्यालय के सहयोग से जन जागरण केन्द्र हजारीबाग के द्वारा दुमका में आयवृद्धि योजना के तहत जादोपटिया चित्रकला प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इस जादोपटिया चित्रकला प्रशिक्षण के उदघाटन समारोह को संबोधित करते हुए बतौर मुख्य अतिथि तूफान कुमार पोद्दार जिला खेल पदाधिकारी सह सहायक निदेशक कला संस्कृति ने कहा कि संताल परगना की विशेष पहचान यहां के रेशम से बने मयूराक्षी सिल्क और बम्बू क्राफ्ट के साथ साथ जादोपटिया पेंटिंग से भी है । जिस पर शिखा आनंद और उनकी टीम ने काफी काम किया है। उसी कड़ी में आज झारखंड सरकार के आदिवासी कल्याण आयुक्त कार्यालय द्वारा प्रायोजित आय वृद्धि योजना के तहत ये प्रशिक्षण आयोजित किया गया है, जो इस क्षेत्र के आर्टीजन के बहुत ही महत्वपूर्ण और उपयोगी है। आशा करते हैं कि जो महिलाएं इस प्रशिक्षण में शामिल होंगी उनको इससे रोजगार मिलेगा। इसी कड़ी में जिला साक्षरता समिति दुमका के जिला कार्यक्रम समन्वयक अशोक सिंह ने जादोपटिया पेंटिंग के महत्व और महिलाओं को उससे मिलने वाले रोजगार की संभावनाओं के बारे में बताया। जन जागरण केन्द्र हजारीबाग के प्रतिनिधि अश्विनी जी ने संस्था के कार्य उद्देश्य से लोगों को परिचय कराया। साथ ही यह भी जानकारी दी कि यह प्रशिक्षण जादोपटिया पेंटिंग की प्रशिक्षक शिखा आंनद के नेतृत्व में पूरे छह महीने तक चलेगा और महिलाओं को रोजगार से जोड़ा जाएगा। जादोपटिया ट्रेनर शिखा आंनद ने कहा कि हमें खुशी है कि जन जागरण केन्द्र ने हमें ये जिम्मेदारी दी है। जादोपटिया पेंटिंग को लेकर हमारा जो भी अनुभव रहा है, हम पूरे मनोयोग से महिलाओं को सीखायेंगे और उनको स्वरोजगार से जोड़कर आत्म निर्भर बनायेंगे।
इस कार्यक्रम के आदिवासी कल्याण आयुक्त अजय नाथ झा और जन जागरण केन्द्र के सचिव संजय कुमार सिंह भी ओन लाइन जुड़े और प्रतिभागी महिलाओं को संबोधित कर उनका उत्साह बढ़ाया। आदिवासी कल्याण आयुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि यह प्रशिक्षण पूरे तरीके से आय वृद्धि योजना के तहत व्यावसायिक प्रशिक्षण होगा, जिसमें सबको मार्केटिंग और रोजगार से जोड़ा जाएगा। छह महीने तक चलने वाले इस प्रशिक्षण का मॉनिटरिंग भी होगा इसलिए गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण जरूरी है। जन जागरण केन्द्र के सचिव संजय कुमार सिंह ने कहा कि इससे पूर्व में हमारे संस्थान के माध्यम से दुमका में शिखा आंनद के नेतृत्व में प्रशिक्षण हुआ है, जो बहुत ही महत्वपूर्ण और उपयोगी साबित हुआ है। आशा करते हैं कि यह प्रशिक्षण भी बहुत अच्छा और उपयोगी रहेगा। साथ ही महिलाओं को इससे रोजगार भी मिलेगा।
दुमका के महाराजा सभागार में आयोजित इस उदघाटन कार्यक्रम में प्रतिभागी महिलाएं सहित बड़ी संख्या में हस्तशिल्प से जुड़ी महिलाएं भी शामिल हुई। कार्यक्रम को सफल बनाने में क्षमा गिलुका, ज्योति और किरण कुमारी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


