अस्पताल बनाने के लिए की गई गड्ढे की खुदाई, दीपक की मौत का कारण बनी
जरमुंडी । जरमुंडी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र स्थित स्टाफ क्वार्टर के पीछे नवनिर्मित बीपीएचयू ( ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट) परिसर में मिट्टी भराई के लिए बने तालाब नुमा गड्ढे में बुधवार की दोपहर को नहाने के दौरान डूबने से एक 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक सीएचसी अस्पताल के स्टाफ सुदर्शन हरि का पुत्र दीपक कुमार बताया जाता है। घटना को लेकर ग्रामीणों ने बताया कि अस्पताल स्टाफ सुदर्शन हरि के क्वार्टर के पास एक कुत्ता मर गया था। जिसे सुदर्शन हरि,उसका पुत्र दीपक व एक अन्य ने पास ही में कुत्ते को दफनाकर लौटा और इस क्रम में दीपक नहाने के लिए फावड़ा और पेंट को डोभा के पास रखकर नहाने के लिए छलांग लगाया। इसके बाद वह पानी से उपर नहीं आया। गहरे पानी में डूब जाने से उसकी मृत्यु हो गई। दीपक का क्वार्टर भी पास ही में है।जब घरवालों ने देखा कि दीपक नहाकर डोभे से नहीं आया है तो स्थानीय ग्रामीण युवकों ने तालाब नुमा गड्ढे में खोजबीन शुरु की। तालाब नुमा डोभे में दीपक की पेंट और फावड़ा भी रखा हुआ था। करीब घंटेभर की खोजबीन के बाद स्थानीय युवकों ने मृत दीपक के शव को पानी से निकाला और आनन फानन में पास ही में स्थित सीएचसी पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इधर सूचना मिलने पर जरमुंडी पुलिस मौके पर पहुंचकर आवश्यक कारवाई करने में जुट गई है। चतुर्थवर्गीय कर्मचारी सुदर्शन हरि का पुत्र दीपक कुमार परिवार के भरण-पोषण हेतु बासुकीनाथ में साफ सफाई का कार्य करता था। घटना के एक घंटे पूर्व वह एक होटल से सफाई का कार्य कर घर लौटा था। दीपक का परिवार काफी गरीब है और बमुश्किल परिवार का गुजारा होता है। बहरहाल दीपक की असामयिक मृत्यु से परिवार के स्वजनों का रो रोकर बुरा हाल है। इधर घटना की सूचना पाकर जरमुंडी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक की मौत को लेकर आवश्यक कार्रवाई में जुट गई है।
—–
अस्पताल प्रशासन की लापरवाही बना दीपक की मृत्यु का कारण
——
बीपीएचयू परिसर में बना यह तालाब नुमा असुरक्षित गड्ढा ही दीपक कुमार के मृत्यु का कारण बन गया। बीपीएचयू से सटा यह तालाब नुमा गड्ढा, दीपक के लिए साक्षात काल बन गया। बता दें कि सीएचसी अस्पताल के निर्माण के दौरान मिट्टी भराई के लिए यह गड्ढा खोदा गया था, जो बाद में ऐसे ही छोड़ दिया गया और इसे फिर भरा ही नहीं गया। स्थानीय लोगों की माने तो बीपीएचयू निर्माण के दौरान भी निर्माण कार्य हेतु पानी की आवश्यकता के लिए इस तालाबनुमा गड्ढे के बीच में जेसीबी से 10-15 फीट गड्ढा खोदा गया था। जिसके बाद यह और खतरनाक हो गया। इस वर्ष जमकर हुई बारिश से इस गड्ढे ने तालाब की शक्ल ले लिया।
—-
बयान
—–
जरमुंडी के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ सुनील कुमार सिंह ने बताया कि उन्होंने विभाग को मामले से अवगत कराया था, लेकिन अबतक कोई कारवाई नहीं हुई।
—
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी जरमुंडी, डॉ सुनील कुमार सिंह




