बसंतराय : सुन्दर नदी पर बने उच्च स्तरीय पुल का स्पेन महज तीन सालों में दब जाने से ग्रामीणों को जान जोखिम में डालकर पुल के उपर से आवागमन करने को विवस होना पड़ रहा है। मालूम हो कि बसंतराय प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत जमनीकोला पंचायत को प्रखंड मुख्यालय से जोड़ने के लिए वर्ष 2018-19 में विशेष प्रमंडल विभाग की ओर से करीब पांच करोड़ की लागत से सुन्दर नदी में उच्च स्तरीय पुल का निर्माण किया गया था। पुल के बन जाने से कई गांवों के ग्रामीणों को बरसात के दिनों में नदी पार कर प्रखंड मुख्यालय हो या अन्य जगहों पर जाने में सुविधा तो मिला लेकिन महज तीन साल में ही इस पुल के निर्माण का गुणवत्ता सामने आ गई। मालूम हो कि बीते मार्च माह में चिप्स लोडेड एक हाइवा पुल के उपर से गुजर रहा था तो कई जगहों पर पुल का स्पेन दब गया जिससे पुल के कई हिस्सों में दरार आ गई। विभाग के फटकार पर संवेदक द्वारा अनमने ढंग से मरम्मती कार्य शुरू किया गया और दिखावा के लिए पुल के नीचे से सेंटरिंग पाइप लगाकर पुल में आई दरार वाली जगहों पर सीमेंट से लीपा पोती कर संवेदक अपना पल्ला झाड़ना चाह रहे है। वहीं ग्रामीणों ने बताया कि पुल का स्पेन दबने से लगभग पांच माह बीत चुका है विभाग की लापरवाही और संवेदक की मनमानी के चलते पुल का मरम्मती कार्य नहीं हो पाया है और न ही नदी में डायवर्सन बनाया गया है लगातार बारिश होने की वजह से नदी में पानी भर गया है जिसके चलते कई गांवों के ग्रामीण जान जोखिम में डालकर पुल के उपर से आवागमन करने के लिए मजबूर हैं। वहीं ग्रामीणों ने उपायुक्त एवं वरीय पदाधिकारी से जांच करा कर संवेदक पर कारवाई की मांग की है। इस मामले पर कार्यपालक अभियंता राजीव कुमार ने कहा कि संवेदक को डायवर्सन बनाने के लिए निर्देश दे दिया गया है जल्द ही पुल का मरम्मती कार्य पूरा करा दिया जाएगा।



