प्रशासन देख रहा है पूरा मामला, निष्पक्ष जांच होनी चाहिए: डॉक्टर लुईस मरांडी
आपसी विवाद को दिया जा रहा है राजनीतिक रंग: सुनील सोरेन
दुमका ब्यूरो
दुमका । शहर के जरूवाडीह मोहल्ले में बुधवार की देर रात दो भाजपा के कट्टर समर्थक के बीच दुमका विधानसभा चुनाव में उम्मीदवारी को लेकर हुई चाकूबाजी मामले में शुक्रवार को चार आरोपी में से एक आरोपी अशोक कुमार साह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
———————–
आपसी विवाद को दिया जा रहा है राजनीतिक रंग
पूर्व सांसद सुनील सोरेन ने कहा कि बीते बुधवार की देर रात घटना की जानकारी उन्हें भी मिली है। दोनों पक्ष भाजपा के कार्यकर्ता हैं और दोनों के बीच आपसी लड़ाई है। दोनों पक्षों के बीच हुई लड़ाई को राजनीतिक रंग देने का प्रयास करना दुर्भाग्यपूर्ण है । उन्होंने कहा कि जो भी लोग मामले को राजनीतिक रंग दे रहे है या देना चाहते है उसकी निंदा करता हूँ। कहा कि यह मेरी छवि धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा है और ऐसे प्रयासों को सफल होने नहीं देंगे। कहा कि टिकट किसको देना है यह पार्टी की सेंट्रल और स्टेट कमेटी तय करती है।
———————–
प्रशासन देख रहा है पूरा मामला, निष्पक्ष जांच होनी चाहिए
भाजपा के दो कार्यकर्ताओं के बीच चाकू बाजी मामले में झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री सह प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ लुईस मरांडी ने इस घटना को लेकर मर्माहत महसूस करते हुए कहा कि मुझे इस घटना की जानकारी मिली है। मैं अभी बाहर हूं । भाजपा कार्यकर्ता अनुज सिंह को गंभीर चोट लगी है । मैंने अपने कार्यकर्ताओं से उनके समुचित इलाज के लिए के लिए कहा है। वह अभी इलाजरत हैं। अनुज सिंह भाजपा बूथ नंबर 36 का अध्यक्ष है । ऐसे कृत सभ्य समाज के लिए अनुचित है। चाकू- छुरी लेकर कौन चलता है । यह सहज ही समझा जा सकता है। प्रशासन देख रहा है पूरा मामला। जिला प्रशासन से मांग करते हैं कि वह जांच कर उचित कार्रवाई करें।
————————-
चार आरोपियों में से एक आरोपी गिरफ्तार
नगर थाना दुमका के प्रभार में कार्य कर रहे एस आई जामादार मुंडा ने बताया कि
अनुज सिंह के भतीजे कुमार मनमय के आवेदन पर दुमका नगर थाना कांड संख्या 190/24 के अंतर्गत बी एन एस- 2023 की धारा 109, 115(2) 126(2)/3(5) के तहत प्राथमिक दर्ज की गई है। चार आरोपियों में सीताराम मिश्र के सहयोगी अशोक कुमार साह गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। सीताराम मिश्र और उनके दो पुत्र गोविंद मिश्र, हरि मिश्र अभी फरार हैं। उन्होंने कहा कि बचे हुए अन्य आरोपी जल्द पुलिस के गिरफ्त में होंगे।


