गोड्डा स्टेशन से 14वीं ट्रेन के रूप में हुई दिल्ली रवाना
गोड्डा : गोड्डा से दिल्ली तक जाने वाली साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन 14049/50 का नियमित परिचालन बुधवार से शुरू हो गया। यह ट्रेन गोड्डा से खुलकर दिल्ली के आनंद विहार स्टेशन तक जाएगी। वहीं आनंद विहार से सोमवार को चलकर मंगलवार को यह ट्रेन अपने निर्धारित समय 3:45 मिनट पर गोड्डा रेलवे स्टेशन पहुंची और अगले दिन बुधवार को अपने निर्धारित समय सुबह 10 बजे प्लेटफार्म संख्या एक से यह ट्रेन दिल्ली के लिए रवाना हुई। यह ट्रेन गोड्डा से खुलकर दिल्ली के लिए भाया ककनी, देवघर, जसीडीह, मधुपुर, गिरीडीह, जमुआ, धनवार, कोडरमा, मुगलसराय होते हुए रवाना हुई। यह ट्रेन गोड्डा स्टेशन से 14वीं ट्रेन के रूप में खुली है। इससे पहले दिल्ली जाने के लिए गोड्डा से हमसफर एक्सप्रेस ट्रेन का परिचालन पहले से ही किया जा रहा है। इस नयी ट्रेन के परिचालन से जिलेवासियों को एक दिन और दिन दिल्ली के लिए डायरेक्ट सफर करने का अवसर मिल गया है। वहीं इस ट्रेन के खुलने के बाद छात्रों, व्यावसायिक वर्गों में काफी खुशी है। ट्रेन का परिचालन शुरू होते ही इसकी उपयोगिता का इसी बात से अंदाजा लगाया जा सकता है कि इसकी स्लीपर, फर्स्ट एसी, सेकंड एसी, थर्ड एसी सब में वेटिंग चल रही थी, यानी की कुल मिलाकर पूरी सीट बुक थी।
मालूम हो कि गोड्डा सांसद डॉ० निशिकांत दुबे व दिल्ली के भाजपा नेता मनोज तिवारी पहले ही इस ट्रेन को नयी दिल्ली से हरी झंडी दिखाकर उदघाटन कर चुके हैं। ट्रेन दिल्ली से नौ अक्टूबर को खुलकर 10 अक्तूबर को गोड्डा पहुंची थी परंतु आज से इसका नियमित परिचालन प्रारंभ हो जाएगा।
*335 रुपये में पहुंच सकेंगे दिल्ली, स्लीपर का किराया 576 रुपये*
गोड्डा- नई दिल्ली ट्रेन में सफर करने के लिए गोड्डा से दिल्ली तक का सामान्य किराया 335 रुपये है। वहीं थ्री टीयर सामान्य श्रेणी स्लीपर में 576 रुपये, थ्री टीयर इकोनॉमी क्लास एसी में 1430 रुपए, थ्री टीयर एसी में 1530 रूपये, सेकंड क्लास एसी में 2270 रुपये व प्रथम श्रेणी एसी में दिल्ली तक का किराया 3740 रुपये है। वहीं गोड्डा- नई दिल्ली ट्रेन का किराया हमसफर के किराए से कम ही लगेगा। मजदूर वर्ग जो दिल्ली आदि प्रदेश काम करने जाते हैं इस ट्रेन के माध्यम से अब दिल्ली जा सकेंगे।
वहीं गोड्डा-नयी दिल्ली ट्रेन का इन स्टेशनों हंसडीहा, ककनी, देवघर, जसीडीह, मधुपुर, न्यू गिरीडीह, जमुवा, धनवार, कोडरमा, गया, डिहरी ऑन सोन, भभुआ रोड, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, प्रयागराज, कानपुर सेंट्रल स्टेशनों पर ठहराव होगा और फिर अंतिम पड़ाव में यह ट्रेन दिल्ली पहुंचेगी।
*गोड्डा-नयी दिल्ली ट्रेन की समय सारिणी*
ट्रेन हर सोमवार को दोपहर तीन बजे दिल्ली से रवाना होगी और मंगलवार को दोपहर 3:45 बजे गोड्डा पहुंचेगी। वापसी में यह ट्रेन हर बुधवार को सुबह 10 बजे गोड्डा से रवाना होगी और गुरुवार को सुबह 9:10 बजे दिल्ली पहुंचेगी।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


