एसपी ने विधानसभा चुनाव को लेकर की बैठक
साहिबगंज। पुलिस लाइन स्थित सीसीटीएनएस सभागार में मंगलवार को विधानसभा चुनाव को लेकर सभी थाना क्षेत्रों में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस पदाधिकारियों की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता एसपी अमित कुमार सिंह ने की। एसपी ने सर्वप्रथम सभी थाना क्षेत्रों में वारंटियों, आरोपियों की गिरफ्तारी व पेंडिंग केस की समीक्षा की। उन्होंने अब तक पकड़े नहीं गए आरोपियों व वारंटियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने का निर्देश दिया। वहीं एसपी ने चेकनाका सहित थाना इलाकों में वाहन जांच व उपलब्धि की समीक्षा करते हुए जांच जारी रखने का निर्देश दिया। नशे के कारोबारियों पर हुई कार्रवाई की भी समीक्षा की। एसपी ने ज़िले के सभी संवेदनशील व अतिसंवेदनशील बूथों की स्थित, सुरक्षा व्यवस्था, सुरक्षा बलों की आवश्यकता, उपलब्ध सुविधा की भी समीक्षा की। मौके पर डीएसपी, सभी एसडीपीओ, इंस्पेक्टर व थाना प्रभारी मौजूद थे।


