रामगढ़ । थाना क्षेत्र अंतर्गत डांडो पंचायत के केन्दुआ गांव में बिजली का करंट लगने से 80 वर्षीय पंचा देवी एवं 56 वर्षीय दुलिया कुमारी की दर्दनाक मौत हो गई। दोनों मृतक आपस में मां-बेटी है। घटना सोमवार के देर रात की है। मृतका के बड़े पुत्र सह भाजपा नेता नलीन मंडल के अनुसार सोमवार की देर रात खाना खाने के बाद उनकी मां चंपा देवी बिजली के बोर्ड में लगे चार्जिंग टार्च को निकाल रही थी| टार्च को निकालने के दौरान उन्हें करंट लग गया। मां को छटपटाते देख बहन दुलिया कुमारी उन्हें छुड़ाने लगी तो उसे भी करंट लग गया। करंट के चपेट में आने से दोनों जमीन पर गिर पड़ी और दोनों की मौत हो गई। थोड़ी देर बाद परिजनों को मामले की जानकारी होने पर आनन-फानन में रात में ही स्थानीय डाक्टर के पास ले जाया गया| जहां दोनों को मृत घोषित कर दिया गया। नलीन मंडल ने बताया कि उनकी बहन दिव्यांग थी।
शादी- ब्याह नहीं होने के कारण वह मां के पास ही रहती थी। एक साथ मां- बेटी की मौत से पूरा परिवार सदमे में है। नलीन मंडल के अनुसार दोनों का दाह-संस्कार स्थानीय श्मशान घाट में कर दिया गया है। इस घटना से पूरे गांव में हड़कंप मामले को लेकर रामगढ़ थाना प्रभारी संचित कांत साहू ने बताया कि इस मामले को लेकर अब तक किसी प्रकार की जानकारी नहीं है। सूचना मिलने पर आगे कार्रवाई की जाएगी।


