24 नामजद और 150 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
पटना। बिहार के कैमूर जिले में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के जुलूस में आपत्तिजनक नारे लगाए गए। इस संबंध में कैमूर जिला अधिकारी और कैमूर एसपी के निर्देश पर थाने में 24 नामजद और 150 अज्ञात लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। साथ ही जुलूस में इस्तेमाल किए जा रहे डीजे को भी जब्त कर लिया है।
कुदरा पुलिस ने थाना परिसर में पहले ही शांति समिति की बैठक की थी। बैठक में डीजे पर रोक लगा दी थी। किसी भी तरह के आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल नहीं करने की चेतावनी दी थी। इसके बावजूद कुछ लोगों ने ऐसी हरकत की। इस पर पुलिस ने कार्रवाई की है। घटना की जानकारी मिलते ही कैमूर डीएम सावन कुमार, एसपी ललित मोहन शर्मा, एसडीएम राकेश कुमार सिंह और डीएसपी प्रदीप कुमार कुदरा थाने पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करने का निर्देश भी दिए गए। कुदरा थाने में 24 नामजद और 150 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
डीएसपी ने बताया कि कुदरा प्रखंड मुख्यालय में दुर्गा पूजा की प्रतिमा का विसर्जन के दौरान कुछ लोगों ने सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने के लिए आपत्तिजनक नारे लगाए। इसे देखते हुए डीजे को जब्त कर लिया गया है और 24 लोगों के खिलाफ नामजद मामला दर्ज किया गया है, साथ ही 150 अज्ञात लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है।


