रामगढ़(दुमका)। काठीकुंड प्रभाग के सर्किल इंस्पेक्टर एन के प्रसाद, रामगढ़ थाना प्रभारी शशिकांत साहू, सीआई सागेन मुर्मू के नेतृत्व में पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों की सक्रियता से रामगढ़ थाना क्षेत्र के लावरती गांव में सोमवार को आयोजित मोड़े मांझी की बैठक फिलहाल स्थगित कर दी गई है। गौरतलब है कि जमीन विवाद को हल करने के लिए लावरती गांव के स्कूल मैदान में दुमका दिसोम मांझी थान आर जाहेर थान, संताल परगना नामक संगठन की तरफ से मांझी परगना सरकार के तहत मोड़े मांझी की बैठक बुलाई गई थी। आयोजकों के अनुसार लावरती के लुखीराम टुडू की शिकायत पर जमीन विवाद को हल करने के लिए सोमवार को लावरती में ही बैठक का आयोजन किया गया था। स्थानीय स्वशासन तथा जनजातीय कस्टमरी लॉ के नाम पर मोडे मांझी, दिसोम मांझी आदि की बैठकों में अतीत में होने वाली हिंसा को देखते हुए पुलिस तथा प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट था। जानकारी के अनुसार सोमवार की दोपहर तक दुमका जिला के विभिन्न प्रखंडों के कुछ ग्राम प्रधानों के साथ-साथ जामताड़ा,धनबाद, पाकुड़ आदि जिलों से भी कुछ लोग मांझी परगना बैसी की बैठक में पहुंच गए थे। बैठक में होने वाली किसी तरह की अनहोनी की आशंका से डरे दूसरे पक्ष के लोग अपनी सुरक्षा के लिए पहले ही सपरिवार पुलिस की अभिरक्षा में रामगढ़ थाना चले गए थे। किसी प्रकार की अनहोनी घटना ना घटे इसके लिए थाना प्रभारी शशिकांत साहू, एसआई बृज कुमार राय तथा एएसआई राम लखन पाल के नेतृत्व में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल लावरती में तैनात था। राजस्व निरीक्षक सागेन मुर्मू के नेतृत्व में राजस्व उप निरीक्षक विनोद मुर्मू तथा पंचायत सचिव विनोद कुमार राम की प्रशासनिक टीम भी गांव में तैनात थी।
क्या कहते हैं अधिकारी
मामले में काठीकुंड प्रभाग के पुलिस निरीक्षक एन के प्रसाद ने बताया कि रामगढ़ थाना क्षेत्र के लावरती में मोडे मांझी की बैठक बुलाई जाने की सूचना मिली थी। मौके पर पता चला कि यह मांझी परगना बैसी की बैठक है। फिलहाल लोगों को समझा-बुझाकर बैठक स्थगित करा दी गई है। विधि व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन मामले पर नजर बनाए हुए हैं।


