देवघर। शिल्पग्राम ऑडिटोरियम, नंदन पहाड़ में पंडा समाज जन कल्याण मंच (रजि.) का मेधावी प्रतिभा सम्मान समारोह 2024 का आयोजन किया गया। जिसमें मेधावी छात्रों को सम्मानित कर पुरस्कृत किया गया। सर्वप्रथम अतिथिगणों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। वहीं वर्ष 2024 में 10 वीं और 12 वीं की परीक्षा में परचम लहराने वाले छात्र-छात्राओं को मंच पर आमंत्रित कर प्रशस्ति पत्र व मेडल प्रदान किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि देवघर एसडीओ रवि कुमार ने सभी छात्रों को ज्ञान को बढ़ाने का मूलमंत्र दिया। साथ ही सभी प्रशस्ति पत्रों पर हस्ताक्षर किया और संदेश में कहा की छात्र-छात्राओं को अपनी प्रतिभा व क्षमता विकसित करने की जिम्मेदारी है, परिश्रम का कोई विकल्प नहीं होता। कहा कि दृढ़निश्चय, आत्मविश्वास, लगन और अथक परिश्रम सफलता के चार सूत्र हैं। मेरिट सिर्फ शिक्षा में ही नहीं हर क्षेत्र में होनी चाहिए। मौके पर एसडीओ द्वारा हस्ताक्षरित 605 प्रशस्ति पत्रों का वितरण किया गया। मंच के अध्यक्ष आशीष कुमार झा ने कहा कि विद्यार्थी खुद के अंदर कौशल का विकास करें। ताकि परिस्थितियां चाहे कितनी भी विपरीत हों, सकारात्मक दृष्टिकोण से उनका हल निकाला जा सकता है। संरक्षक अशोकानन्द झा ने कहा कि अभिभावक पेट काट कर बच्चों को पढ़ाते हैं। ऐसे कई उदाहरण हैं, जहां अभाव में भी माता-पिता ने अपने बच्चों को पढ़ा-लिखा कर डॉक्टर, इंजीनियर और आईपीएस बनाया है। मेहनत का दूसरा विकल्प नहीं है। इस दौरान कार्यक्रम में पहुंचे सभी अतिथियों ने अपने अनुभव के आधार पर बच्चों को शिक्षा के महत्व को समझाया एवं भविष्य में बेहतर करने के लिए प्रेरित किया। मौके पर युधिष्ठिर राय, तरुण ठाकुर, अभय सिंह, रमणिकांत, मृणाल सिंह, बैंक ऑफ़ महाराष्ट्र ब्रांच के हेड अमित कुमार साह, बृजकिशोर यादव सहित अन्य वक्ताओं ने कहा कि विद्यार्थियों की सफलता के पीछे माता पिता का सहयोग होता है। अतिथियों ने सोशल मीडिया के जरिए होने वाले साइबर क्राइम को लेकर छात्रों को सचेत किया। इस अवसर पर तक्षशिला विद्यापीठ, रेड रोज स्कूल, मॉडर्न पब्लिक स्कूल, द विवेकानंद विद्या मंदिर, सनराइज द्वारिका अकेडमी, संकल्प एजुकेशन, सरस्वती क्लासेस, ईडब्लूएस कोचिंग, श्याम सुंदर शिक्षा सदन के निदेशकों ने सभी मेधावी को मेडल और प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। साथ ही पंडा समाज जन कल्याण मंच ने अभिभावकों से अपील की वह अपने बच्चे को समझने की कोशिश करें एवं आपसी संवादहीनता नहीं होने दें।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


