गोड्डा : जिले के विकास में गुरुवार को नया अध्याय जुड़ गया। गोड्डा वासियों को गोड्डा से दिल्ली तक जाने के लिए नई साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन की सौगात मिल गई है। बुधवार को पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन से सांसद निशिकांत दुबे, सांसद मनोज तिवारी ने हरी झंडी दिखाकर दिल्ली गोड्डा एक्सप्रेस ट्रेन 14049/50 को रवाना किया था जो आज ट्रेन दिन के 3:30 गोड्डा रेलवे स्टेशन पहुंची। वहीं यात्रियों के चेहरे पर खुशी साफ देखी गई। इस ट्रेन का नियमित परिचालन 14 अक्टूबर को दिल्ली से और 16 अक्टूबर को गोड्डा से होगा।
यह साप्ताहिक ट्रेन सोमवार को दोपहर 3 बजे दिल्ली से रवाना होगी और मंगलवार को दोपहर 3:45 बजे गोड्डा पहुंचेगी और वापसी में यह ट्रेन बुधवार को सुबह 10 बजे गोड्डा से रवाना होगी और गुरुवार को सुबह 9:10 बजे दिल्ली पहुंचेगी। रास्ते में यह ट्रेन टूंडला जंक्शन, कानपुर सेंट्रल, प्रयागराज जंक्शन, दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, भभुआ रोड, सासाराम, डेहरी-ऑन-सोन, गया जंक्शन, कोडरमा जंक्शन, जमुआ, न्यू गिरिडीह, मधुपुर जंक्शन, जसीडीह जंक्शन, देवघर, काकनी और हंसडीहा पर रुकेगी। 21 बोगियों वाली यह ट्रेन गोड्डा से 1315.41 किलोमीटर का सफर 24 घंटा 45 मिनट में तय करेगी। ट्रेन की रफ्तार 53.14 किलोमीटर प्रति घंटे होगी।
गोड्डा से खुलने वाली 14वीं ट्रेन गोड्डा दिल्ली एक्सप्रेस
8 अप्रैल 2021 को गोड्डा से पहली ट्रैन नई दिल्ली हमसफर एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर उद्घाटन किया गया था। उसके बाद गोड्डा से लगातार ट्रेनों के परिचालन का सिलसिला शुरू हो गया। गोड्डा से पटना, रांची, कोलकाता, टाटानगर, आदि स्थानों के लिए ट्रेनों की परिचालन के बाद 14वीं ट्रेन के रूप में गोड्डा दिल्ली सप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन की सौगात मिली है। महज 4 वर्षों में गोड्डा स्टेशन पर शून्य से 14 ट्रेनों का परिचालन शुरू हो गया है। गोड्डा रेलवे स्टेशन के डेवलपमेंट के साथ ही गोड्डा व आसपास के इलाके में व्यवसायिक व अन्य विकास कार्य भी तेज गति से हो रहा है।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


