संताल एक्सप्रेस
उधवा।राधानगर थाना क्षेत्र के दक्षिण सरफराजगंज पंचायत अंतर्गत मनिहारी टोला(गोहलबाड़ी) गांव में एक विवाहिता महिला ने फंदे से लटककर आत्महत्या कर लिया। महिला का शव बुधवार को कमरे में फंदे से लटकता हुआ मिला।मामले को लेकर लोग दबी जुबान तरह तरह के चर्चाएं कर रहे है। स्थानीय पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल राजमहल भेज दिया है। हांलांकि मामला हत्या या आत्महत्या पुलिस गंभीरता से दोनों बिन्दुओं पर जांच कर रही है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक दक्षिण सरफराजगंज पंचायत के गोहलबाड़ी निवासी जैदूर शेख की पत्नी नारगीश खातून (24) पिछले बीस दिनों से अपने मायके के घर बकाई टोला में रह रही थी। बताया जा रहा है कि पति पत्नी के बीच अक्सर विवाद हो रहा था। पत्नी नाराज होकर अपने मायके घर चली गई थी। मृतिका के पति जैदूर शेख मुंबई में मजदूरी करता है। उसने कुछ दिनों से अपनी पत्नी को ससुराल आने की जिद कर रहा था। पत्नी के ससुराल नही आने पर जैदूर शेख के परिजन सोमवार को गांव के कुछ गणमान्य लोगों को लेकर बकाई टोला महिला को लाने गए थे। जहां महिला के परिजनों को समझा बुझाकर महिला को अपने ससुराल लाया गया। बताया जा रहा है कि महिला जब अपने ससुराल पहुंची तो किसी के साथ बातचीत भी नही की और ना ही रात में खाना खाई। उसने अपने तीन वर्षीय बेटी के साथ रात को अपने कमरे में सोने चली गई। वही मंगलवार की तड़के सुबह महिला की बेटी जब नींद से जागी तो उसने अपनी मां को फंदे से लटकता हुआ देखा। उसने तुरंत अपने दादा के कमरे में पहुंचकर घटना की जानकारी दी। उसके दादा जब कमरे में गए तो उसने अपने पुत्रवधु को फंदे से लटका हुआ पाया। इधर घटना की सूचना आग की तरह चारो ओर फैल गई। धीरे-धीरे आसपास के लोगों की घटना स्थल पर भीड़ जूट गई। उधर घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई। सूचना पाकर राधानगर थाना के एसआई संजय कुमार सिंह, एएसआई फुलेश्वर कुमार एकेला अपने दल बल के साथ मौके पर पहुंचकर परिजनों से घटना से संबंधित जानकारी ली और शव को फंदे से नीचे उतारकर कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु अनुमंडल अस्पताल राजमहल भेज दिया। हालांकि मामले को लेकर पुलिस छानबीन में जुटी है।


