जामताड़ा : दुर्गापूजा को लेकर जिला मुख्यालय और मिहिजाम नगर परिषद में स्वच्छता सुरक्षा और आम लोगों की सुविधा को लेकर प्रशासन पूरी तरह तत्पर है। शनिवार को विधि व्यवस्था, साफ-सफाई, ट्राफिक तथा आम लोगों की सुविधा को लेकर अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार की अध्यक्षता में बैठक किया गया। अनुमंडल पदाधिकारी ने चैंबर के माध्यम से दुकानदारों को निर्देश दिया कि बाजार में अत्यधिक भीड़ होने के कारण दुकान के समान को दुकान के बाहर ना फैलाएं साथ ही उन्होंने टोटो जैसे सवारी वाहन चालकों को निर्देश दिया कि बाजार में दुर्गा पूजा को लेकर काफी भीड़ है जिसके लिए कहीं भी सड़क पर वाहन खड़ी नहीं करें। सभी टोटो और ऑटो चालकों को उचित स्थान पर ही गाड़ी खड़ी करने का निर्देश दिया गया। किसी को परेशानी न ही इसका सभी को ध्यान रखने की आवश्यकता है। उन्होंने कार्यपालक पदाधिकारी को शहर के सभी महत्वपूर्ण जगहों पर साफ सफाई बेहतर तरीके से करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि शहर में बेवजह कहीं भी कचरा का जमाव नहीं होना चाहिए, इसका ध्यान रखा जाए। दुर्गा पूजा को लेकर बाजार में अत्यधिक भीड़ देखी जा रही है जिसके मद्देनजर अनुमंडल पदाधिकारी ने सभी थाना प्रभारी को बाजार में वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने का निर्देश दिया। बताया कि सभी पूजा पंडाल के आसपास और पंडाल के अंदर सीसीटीवी से निगरानी की व्यवस्था की जा रही है। अवांछित तत्वों पर पुलिस को विशेष रूप से नजर रखने के लिए कहा गया। कहा कि सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाले अवांछित तत्वों पर पुलिस प्रशासन कड़ाई से कार्रवाई करेगी। बैठक में जामताड़ा सी ओ अबिश्वर मुर्मू, ट्रैफिक इंस्पेक्टर रविन्द्र कुमार यादव, जामताड़ा थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राजेश कुमार मंडल, मिहिजाम थाना प्रभारी विवेकानंद दुबे, चेम्बर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष संजय अग्रवाल, ओटो, टोटो के अध्यक्ष सहित अन्य उपस्थित रहे।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


