रांची । ईडी कोर्ट ने बड़गाई अंचल के 8.46 एकड़ जमीन घोटाले में निलंबित राजस्व कर्मचारी भानु प्रताप प्रसाद सहित 11 आरोपितों की न्यायिक हिरासत अवधि 16 नवंबर तक बढ़ा दी है। इससे पूर्व जेल में बंद आरोपितों को वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए से कोर्ट में पेश किया गया। पेशी के बाद कोर्ट ने भानु प्रताप प्रसाद, अंतु तिर्की, सद्दाम, अफसर अली, विपिन कुमार सिंह, प्रियरंजन सहाय, इरसाद अख्तर, शेखर कुशवाह, हजारीबाग का कोर्ट कर्मी इरशाद, कोलकाता के रजिस्ट्रार आफ एश्योरेंस के कर्मी तापस घोष और चौकीदार संजीत कुमार की न्यायिक हिरासत अवधि अवकाश को देखते हुए छह सप्ताह बढ़ा दी है।
इस मामले में जमानत पर चल रहे सीएम हेमंत सोरेन की ओर से हाजिरी दी गई। जबकि तीन आरोपित आर्किटेक्ट बिनोद कुमार सिंह, जमीन के मूल रैयत राजकुमार पाहन एवं मनोज कुमार यादव व्यक्तिगत रूप से कोर्ट में पेश हुए। ईडी कोर्ट ने मनी लांड्रिंग के आरोपी पूर्व मंत्री आलमगीर आलम, निलंबित चीफ इंजीनियर वीरेंद्र राम सहित आठ आरोपियों की न्यायिक हिरासत की अवधि बढ़ा दी है।
कोर्ट ने अगली पेशी 12 नवंबर तय की है। मामले में अगली तिथि को आरोपियों पर आरोप तय करने पर सुनवाई होगी। सभी को पुलिस पेपर सौंप दिया गया है। मामले में आलमगीर आलम, सचिव संजीव कुमार लाल, नौकर जहांगीर आलम, वीरेंद्र राम, आलोक रंजन, नीरज मित्तल, सहयोगी तारा चंद एवं राम प्रकाश भाटिया की पेशी की गई। जबकि गेंदा राम, राजकुमारी एवं मुकेश मित्तल ने हाजिरी लगाई।






