कानपुर । बांग्लादेश के अनुभवी ऑलराउंडर शाकिब अल हसन ने टी20 क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर दी है। ऐसे में अब वह भारत के साथ दूसरे टेस्ट के बाद होने वाली टी20 सीरीज में नहीं खेलेंगे। इसके अलावा कानपुर में भारत और बांग्लादेश के बीच होने वाला टेस्ट मैच उनका आख़िरी टेस्ट मैच हो सकता है क्योंकि वह टेस्ट को भी अलविदा कहना चाहते हैं। वहीं शाकिब ने कहा कि चैंपियंस ट्रॉफ़ी खेलने के बाद एकदिवसीय से भी संन्यास ले लेंगे।शाकिब ने हालांकि कहा कि अगर स्वदेश में उन्हें पर्याप्त सुरक्षा मिलती है तो वह दक्षिण अफ़्रीका के ख़िलाफ़ खेले जाने वाली टेस्ट सीरीज़ के बाद ही संन्यास ले लेंगे। शाकिब पर बांग्लादेश में हुई हिंसा भड़काने के मामले में हत्या का मामला दर्ज हुआ है जिससे बाद से ही वह परेशान हैं हालांकि कल बोर्ड ने कहा था कि उन्हें बेवजह परेशान नहीं किया जाएगा पर जिस प्रकार के हालात अभी बांग्लादेश में है उसमें दक्षिण अफ़्रीका की टीम के भी वहां जाने की संभावना नहीं है।
कानपुर टेस्ट से पहले शाकिब ने कहा, मैं दक्षिण अफ़्रीका सीरीज़ के लिए उपलब्ध हूं, लेकिन वहां पर हमारे देश में बहुत कुछ हो रहा है। इसलिए बहुत कुछ मुझ पर निर्भर नहीं करता है। मैंने बीसीबी के साथ टेस्ट क्रिकेट को लेकर अपने भविष्य पर बात की है। यह मेरा अंतिम टेस्ट हो सकता है। हां, अगर अवसर मिला तो मैं मीरपुर में अपना आख़िरी टेस्ट खेलना चाहूंगा। बोर्ड भी यह पक्का करने की पूरी कोशिश कर रहा है कि मैं वहां खेल सकूं और सुरक्षित रहूं। इसके अलावा अगर कभी ज़रूरत हो तो मैं देश से बाहर भी निकल सकूं।
बांग्लादेश की अगली टेस्ट सीरीज़ दक्षिण अफ़्रीका के ख़िलाफ़ अक्टूबर में है, जो कि उनकी घरेलू सीरीज़ होगी। शाकिब ने अब तक 70 टेस्ट मैच खेले हैं, जिसमें उनके नाम 4600 रन और 242 विकेट हैं।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


