गोड्डा : गोड्डा जिले सहित दुमका एवं देवघर के कुछ इलाकों में हिन्दू धर्म को मानने वाले जोलहा, तांती, धुनिया आदि जाति रहती आ रही है किंतु सरकार की नज़र में इन्हें किसी वर्ग में अब तक शामिल नहीं किया गया है। जिस कारण इनका जाति प्रमाण पत्र नहीं बन पाता है फलस्वरूप इन्हें कई प्रकार के सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित रहना पड़ता आ रहा है। वहीं जब इस समाज के लोगों ने पोड़ैयाहाट विधायक प्रदीप यादव को इस मामले से अवगत कराया तो विधायक ने इस मामले में पत्र लिखकर सरकार के समक्ष रखा था एवं इन जातियों को ओबीसी, अति पिछड़ा वर्ग में शामिल करने की मांग की थी। जिसके बाद सरकार ने गोड्डा, दुमका व देवघर जिला के उपायुक्तों को इसका सर्वे कराकर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया था। वहीं अब जानकारी मिल रही है कि इस संबंध में उपायुक्त के द्वारा जांच रिपोर्ट भेज दे गई है एवं जांच रिपोर्ट इन जातियों के पक्ष में है। इस संबन्ध में मंगलवार को विधायक प्रदीप यादव पुनः ओबीसी आयोग के अध्यक्ष योगेंद्र महतो से मिले एवं इसके बारे में जानकारी ली। आयोग के अध्यक्ष ने बताया कि अगले माह 1 अक्टूबर को इस मामले कि सुनवाई की तिथि निर्धारित की गई है। विधायक ने बताया कि उम्मीद है कि अब जल्द ही इन जातियों को भी ओबीसी में शामिल कर दिया जाएगा एवं इस समाज के लोग इसके बाद विभिन्न योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहेंगे।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


