संताल एक्सप्रेस संवाददाता
बरहरवा- गुप्त सूचना के आधार पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए ट्रेन संख्या 13023 हावड़ा–गया एक्सप्रेस से अवैध रूप से छिपाकर ले जाई जा रही बडवाइजर मैग्नम बीयर की 40 कैन बरामद की. बरामद बीयर की अनुमानित कीमत करीब 6,000 रूपया बताई गई है.
जानकारी के अनुसार आरपीएफ पोस्ट बरहरवा के निरीक्षक संजीव कुमार के नेतृत्व में एएसआई सुरेश पासवान, कांस्टेबल अनिल कुमार साह एवं कांस्टेबल रमेश यादव की टीम ने बरहरवा रेलवे स्टेशन पर विशेष तलाशी अभियान चलाया.ट्रेन के बरहरवा स्टेशन पहुंचने के बाद आरपीएफ एस्कॉर्ट पार्टी के एएसआई प्रसेनजीत दास साहिबगंज एवं कांस्टेबल प्रवीण कुमार राय के साथ संयुक्त रूप से बरहरवा से तीनपहाड़ रेलवे स्टेशन के बीच ट्रेन के स्लीपर कोच एस-2 एवं एस-3 की संघन जांच की.तलाशी के दौरान स्लीपर कोच एस-3 के शौचालय की छत पर लगे प्लाईवुड पैनल को स्क्रूड्राइवर की सहायता से खोलने पर उसके अंदर बने गुप्त स्थान से 500 मिलीलीटर क्षमता वाली बडवाइजर मैग्नम बीयर की 40 कैन बरामद हुईं. प्रथम दृष्टया यह अवैध तरीके से शराब की तस्करी का प्रयास प्रतीत होता है.बरामद बीयर कैनों को तीनपहाड़ रेलवे स्टेशन पर उतारकर स्वतंत्र गवाहों की उपस्थिति में विधिवत जप्ती सूची तैयार कल जब्त सामग्री को सुरक्षित रूप से सड़क मार्ग से आरपीएफ पोस्ट बरहरवा लाया गया.आरपीएफ ने घटना की सूचना तत्काल उत्पाद विभाग साहिबगंज को दी है. बरामद बीयर को झारखंड उत्पाद अधिनियम एवं अन्य प्रासंगिक कानूनी प्रावधानों के तहत आगे की कार्रवाई के लिए उत्पाद विभाग को सुपुर्द किया जा रहा है. मामले में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि अवैध शराब की खेप किसके द्वारा और किस उद्देश्य से छिपाकर ले जाई जा रही थी.
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


