गोड्डा : विशेष न्यायाधीश पोक्सो सह जिला जज प्रथम पवन कुमार के न्यायालय ने नाबालिग के साथ दुष्कर्म करने के आरोपित ठाकुरगंगटी थाना क्षेत्र के माल प्रतापपुर निवासी मो. अकरम अंसारी को दोषी पाकर 4 (2) पोक्सो एक्ट के अपराध में 20 वर्ष सश्रम कारावास एवं 50,000 रूपये जुर्माना भरने की सजा सुनाई। जुर्माना की राशि अदा नहीं करने पर एक वर्ष अतिरिक्त कारावास की सजा से दंडित किया गया। विक्टिम कंपनशेषण स्कीम के तहत पीड़िता के पुर्नवास एवं आर्थिक सहायता हेतु विधिक सेवा प्राधिकार ,गोड्डा को अग्रसारित किया गया। निर्णय की एक प्रति सचिव विधिक सेवा प्राधिकरण ,गोड्डा को आवश्यक कार्यवाही हेतु भेजा गया। अभियोजन की ओर से न्यायालय के समक्ष 12 गवाहों का परीक्षण किया गया। उभय पक्षों की दलील सुनने के उपरांत न्यायालय ने 20 वर्ष सश्रम करावास की सजा सुनाई। 15 अप्रैल 2021 को ठाकुरगंगटी थाना में दर्ज प्राथमिकी में 17 वषीया पीड़िता ने कहा था कि वह नौवीं कक्षा की छात्रा है। दो माह पूर्व वह बाराहाट बाजार गई थी। वहां से टेंपू पकड़कर गांव आ रही थी। उसी दौरान टेंपू चालक ने उसे मोबाइल नंबर दिया। उसके बाद दोनों के बीच बातचीत होने लगी। दस दिन पूर्व वह कहलगांव के सलीमपुर गांव अपने मौसी के घर गई थी। फोन से बात करके अकरम वहां भी साथी के साथ उसे ले जाने पहुंच गया। उसकी छह वर्षीया बहन के साथ उसे मोटरसाइकिल से भुष्का पहाड़ ले गया। जहां उसकी छोटी बहन और साथी को नाश्ता करने भेज दिया एवं पहाड़ी के समीप एक झोपड़ी में ले जाकर शादी का झांसा देकर उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। उसके बाद दोनों को घर पहुंचा दिया। फिर 13 अप्रैल 2021 को भी गांव आकर उसे गंगा पंप नहर योजना स्थल पर ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया और उसे घर पहुंचा दिया। इसके बाद वह भाग गया। इसके बाद मां के साथ थाना पर आकर प्राथमिकी दर्ज कराई गई।



