अनुकम्पा के आधार पर चौकीदार के पद पर नियुक्ति हेतु की गयी अनुशंसा
देवघर। विशाल सागर की अध्यक्षता में आज गुरुवार को जिला स्थापना समिति एवं अनुकम्पा समिति से संबंधित मामलों की बैठक समाहरणालय सभागार में आयोजित की गई। इस दौरान डीसी ने संबंधित सभी विभिन्न विभागों, प्रखण्डों तथा अंचलों से आये अनुकम्पा से संबंधित सभी मामलों के साथ रिक्त पदों, पेंशन से जुड़े मामलों की समीक्षा करते हुए विभिन्न कार्यालयों में सेवा निवृत हुए कर्मियों के बाद रिक्त पदों की जानकारियों से अवगत हुए। साथ ही अनुकम्प व पेंशन से जुड़े मामलों का त्वरित निष्पादन करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया। वहीं बैठक के दौरान वर्ग ग एवं घ पदों के लिए कुल 17 अनुकम्पा से जुड़े आवेदनों में 16 आवेदनों को स्वीकृत किया गया। इसके अलावे बैठक के दौरान आगे डीसी विशाल सागर द्वारा संबंधित विभाग के अधिकारियों को निदेशित किया कि अनुकम्पा से संबंधित आवेदनों पर किसी प्रकार की आपत्ति है या नहीं इसकी भी जांच करा ले। साथ ही डीसी ने स्थानांतरण एवं पदस्थापन को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व उचित दिशा-निर्देश दिया। आगे उन्होंने अनुकम्पा के आधार पर चौकीदार के पद पर चार आवेदनों में से दो आवेदनों को समिति द्वारा स्वीकृत किया गया एवं एक आवेदन हेतु जांच प्रतिवेदन की मांग की गयी है। बैठक के दौरान उप विकास आयुक्त नवीन कुमार,अनुमंडल पदाधिकारी देवघर रवि कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी मधुपुर राजीव कुमार, जिला स्थापना उपसमाहर्ता मनोज कुमार,जिला कल्याण पदाधिकारी दयानन्द दूबे, कार्यपालक अभियंता पथ प्रमंडल देवघर मनोज कुमार महतो, सहायक जनसम्पर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी एवं संबंधित अधिकारी व कर्मी आदि उपस्थित थे।


