-सुप्रीम कोर्ट बोला- अफवाहें फैलाई गईं, ट्रांसफर का फैसला इससे अलग
– कॉलेजियम वापस इलाहाबाद ट्रांसफर करेगा, वहां के बार एसोसिएशन ने पूछा- क्या हम कूड़ादान हैं
-सुप्रीम कोर्ट बोला- अफवाहें फैलाई गईं, ट्रांसफर का फैसला इससे अलग
नई दिल्ली । सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली हाईकोर्ट जज यशवंत वर्मा के घर पर मिले 15 करोड़ कैश को लेकर कहा कि इस बारे में गलत सूचना और अफवाहें फैलाई जा रही हैं। जस्टिस वर्मा को इलाहाबाद हाईकोर्ट ट्रांसफर करने का प्रस्ताव स्वतंत्र और इन हाउस जांच प्रक्रिया से अलग है। सुप्रीम कोर्ट ने यह भी कहा कि दिल्ली हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस सीजेआई संजीव खन्ना को प्राइमरी रिपोर्ट सौंपेंगे। इसकी जांच के बाद आगे की कार्रवाई पर विचार किया जाएगा।
दरअसल, होली की छुट्टियों के दौरान जस्टिस वर्मा के सरकारी बंगले पर आग लग गई थी। उस वक्त वे घर पर नहीं थे। परिवार ने फायर ब्रिगेड को आग लगने की जानकारी दी। टीम जब आग बुझाने गई तब उन्हें कैश मिला। इधर, हाईकोर्ट बार एसोसिएशन जस्टिस वर्मा के वापस इलाहाबाद ट्रांसफर का विरोध कर रहा है। एसोसिएशन का कहना है कि कॉलेजियम के फैसले से गंभीर सवाल उठ रहा है कि क्या हम कूड़ादान हैं। इधर, कॉलेजियम ने जस्टिस वर्मा के खिलाफ प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है। हालांकि यह इन-हाउस इन्क्वायरी नहीं है। जांच पूरी होने पर दिल्ली हाईकोर्ट चीफ जस्टिस कॉलेजियम को प्राइमरी रिपोर्ट देंगे।

2021 में दिल्ली हाईकोर्ट आए थे जस्टिस वर्मा
जस्टिस यशवंत वर्मा को अक्टूबर 2021 में इलाहाबाद से दिल्ली हाई कोर्ट में भेजा गया था। सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम के कुछ सदस्यों ने इस पूरे घटनाक्रम पर चिंता जताते हुए कहा कि अगर जस्टिस वर्मा का सिर्फ तबादला किया जाता है, तो इससे न्यायपालिका की छवि धूमिल होगी। न्याय व्यवस्था पर लोगों का विश्वास कम होगा। सुप्रीम कोर्ट ने जस्टिस यशवंत वर्मा पर लगे आरोपों की जांच के लिए प्रक्रिया शुरू की है। सबसे पहले दिल्ली हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस से इस पूरे मामले पर रिपोर्ट मांगी जा रही है। कानून के जानकारों के मुताबिक, किसी हाई कोर्ट के जज पर कोई कदाचार का आरोप लगे, तो सबसे पहले संबंधित हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस से रिपोर्ट मांगी जाती है। इलाहाबाद हाई कोर्ट के जज जस्टिस शेखर यादव और कलकत्ता हाई कोर्ट के पूर्व जज जस्टिस कन्नन सहित कई जजों के मामले में यही प्रक्रिया चली थी। अगर आरोप सुप्रीम कोर्ट के जज के खिलाफ हों, तो इन-हाउस कमेटी का गठन सीधे सीजेआई की पहल पर किया जाता है। सर्वोच्च न्यायालय कॉलेजियम ने दिल्ली उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति यशवंत वर्मा के खिलाफ एक रिपोर्ट आने के बाद उन्हें उनके मूल उच्च न्यायालय इलाहाबाद में स्थानांतरित करने का निर्णय लिया। मुख्य न्यायाधीश संजीव खन्ना की अध्यक्षता वाली सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने केंद्र सरकार को उनके स्थानांतरण की सिफारिशें कीं।
राज्यसभा में उठा मामला
राज्यसभा में उठा। कांग्रेस सांसद जयराम रमेश ने इस मुद्दे को सदन में उठाते हुए ज्यूडिशियल अकाउंटेबिलिटी पर चर्चा की मांग की। राज्यसभा के चेयरमैन और उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने इस पर जवाब देते हुए कहा कि सिस्टम में पारदर्शिता और जवाबदेही जरूरी है और वह इस मुद्दे पर एक स्ट्रकचर्ड डिस्कसन करवाएंगे। जयराम रमेश ने कहा कि कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने सदन में कहा, आज सुबह हमने एक चौंकाने वाली खबर पढ़ी, जिसमें दिल्ली हाईकोर्ट के एक जज के घर से भारी मात्रा में नकदी बरामद होने की बात सामने आई है। रमेश ने यह भी याद दिलाया कि पहले 50 सांसदों ने इलाहाबाद हाईकोर्ट के एक जज के खिलाफ महाभियोग का नोटिस दिया था, लेकिन उस पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने चेयरमैन से अनुरोध किया कि न्यायिक जवाबदेही बढ़ाने के लिए सरकार को दिशा-निर्देश दिए जाएं। चेयरमैन ने कहा कि राजनेताओं पर होता तो तुरंत कार्रवाई होती। धनखड़ ने कहा कि यह घटना तुरंत सामने क्यों नहीं आई, इस पर चिंता जताई। उन्होंने आश्वासन दिया कि वह सदन के नेता और विपक्ष के नेता से चर्चा करके इस मुद्दे पर विस्तृत चर्चा का रास्ता निकालेंगे।
न्यायपालिका के भीतर भ्रष्टाचार का मुद्दा बहुत गंभीर
सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम द्वारा दिल्ली उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति यशवंत वर्मा को उनके खिलाफ प्रतिकूल रिपोर्ट के बाद उनके पैतृक उच्च न्यायालय इलाहाबाद में स्थानांतरित करने की सिफारिश पर वरिष्ठ अधिवक्ता और राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल ने कहा, …न्यायपालिका के भीतर भ्रष्टाचार का मुद्दा बहुत गंभीर है। यह ऐसा कुछ नहीं है जिसे देश के वरिष्ठ परिषदों और वकीलों ने पहली बार व्यक्त किया है। यह वर्षों से चल रहा है। सिब्बल ने कहा कि अब समय आ गया है कि सुप्रीम कोर्ट इस मुद्दे पर गौर करना शुरू करे कि नियुक्ति प्रक्रिया कैसे होती है। नियुक्ति प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और सावधानीपूर्वक होनी चाहिए…भ्रष्टाचार एक बहुत गंभीर मुद्दा है और पीएम मोदी ने जो कहा है उसके बावजूद भ्रष्टाचार बढ़ा है।
न्यायिक समीक्षा की मांग उठी
दिल्ली हाईकोर्ट जज यशवंत वर्मा के घर पर मिले 15 करोड़ कैश के बाद देश में न्यायिक समीक्षा की मांग होने लगी है। जजों की कार्यप्रणाली और उनके द्वारा दिए गए फैसलों को न्यायिक समीक्षा के दायरे में लाने की बात कही जा रही है। वहीं दिल्ली हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश डीके उपाध्याय ने जस्टिस यशवंत वर्मा के मामले पर आश्चर्य व्यक्त किया। मुख्य न्यायाधीश की यह प्रतिक्रिया तब आई जब एक वरिष्ठ वकील ने शीर्ष न्यायाधीश की अदालत के समक्ष उल्लेख किया कि वह और कई अन्य वकील इस घटना से दुखी और स्तब्ध हैं तथा उन्होंने शीर्ष न्यायाधीश से प्रशासनिक पक्ष पर कुछ कदम उठाने का आग्रह किया। जब वकील ने कहा कि बार के कई लोग इस घटना से स्तब्ध हैं, तो मुख्य न्यायाधीश डीके उपाध्याय ने दुख जताते हुए कहा कि सभी लोग इससे हैरान हैं।





