पटना । बुधवार का दिन बिहार में कई परिवारों के लिए मातम भरा साबित हुआ। पटना, नालंदा, नवादा और मुंगेर जिलों से पानी में डूबने की अलग-अलग घटनाओं में कुल 14 लोगों की मौत हो गई। सबसे ज्यादा मौत नवादा में हुई है। वहां कुल 5 लोगों की डूबने से मौत हुई, जिनमें एक ही परिवार के चार सदस्य शामिल थे। जबकि नालंदा और मुंगेर में भी ऐसी ही घटनाएं घटी, जहां प्रत्येक जिले में 3-3 लोगों की मौत पानी में डूबने से हुई। प्राप्त जानकारी के अनुसार पटना के दानापुर अनुमंडल क्षेत्र में दो अलग-अलग स्थानों पर डूबने की घटनाओं में एक बुजुर्ग और एक किशोर की दर्दनाक मौत हो गई। पहली घटना दानापुर दियारा के अखिलपुर थाना क्षेत्र की है, जहां मानस नया पानापुर गांव के 60 वर्षीय चंद्रदेव सिंह की तालाब में डूबने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि चंद्रदेवसिंह सुबह लगभग 5 बजे शौच के लिए घर से निकले थे। गांव में बाढ़ के कारण गंगा का पानी चारों ओर फैला हुआ है। इसी दौरान रास्ते में आए पानी भरे तालाब को वे पहचान नहीं सके और उनका पैर फिसल गया। गहरे पानी में चले जाने के कारण वे डूब गए। जब काफी देर तक वे घर नहीं लौटे तब परिजनों ने खोजबीन शुरू की, तो उनका शव तालाब में मिला। स्थानीय लोगों की मदद से शव को बाहर निकाला गया और पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची अखिलपुर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाकर उनके परिजनों को सौंप दिया। वहीं दूसरी घटना मनेर थाना क्षेत्र के लोदीपुर की है, जहां 13 वर्षीय प्रियांशु कुमार की आहर में डूबने से मौत हो गई। वह अपने दोस्तों के साथ भतहेरी गांव के बगीचे में गया था और पास की नहर में नहाने के दौरान गहरे पानी में चला गया। उधर नालंदा जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में डूबने की घटनाओं में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। पहली घटना चंडी थाना क्षेत्र के गुंजरचक गांव की है, जहां 50 वर्षीय संजय कुमार खेती के बाद पाइन में हाथ-पैर धोने गए थे। इसी दौरान पैर फिसलने से वे गहरे पानी में चले गए और डूबने से उनकी मौत हो गई। दूसरी घटना बिंद थाना क्षेत्र के खानपुर नानौर गांव की है, जहां 8 वर्षीय शुभम कुमार कर्मा पूजा के लिए गौरा-गणेश की मिट्टी लाने पाइन में गया था. मिट्टी निकालते समय वह फिसलकर पानी में गिरने से डूब गया। परिजन जब तक पहुंचे, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। वहीं नवादा जिले में दो अलग-अलग घटनाओं में डूबने से पांच लोगों की मौत हो गई। पहली घटना पकरीबरावां थाना क्षेत्र के दत्तरौल गांव की है, जहां कर्मा एकादशी के दिन स्नान के लिए गए एक ही परिवार के चार लोग आहर में डूब गए। मृतकों में पंचायत समिति सदस्य कृष्ण पासवान की पुत्री अनामिका कुमारी (12 वर्ष), पूजा कुमारी (18 वर्ष), शंभु पासवान की पत्नी ज्योति देवी (28 वर्ष) एवं उनकी बेटी खुशबू कुमारी (11 वर्ष) शामिल हैं. एक अन्य बालिका प्रियंका कुमारी को गंभीर हालत में नवादा सदर अस्पताल रेफर किया गया है। स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद शवों को बाहर निकाला गया। वहीं दूसरी घटना हिसुआ थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या 06 की है, जहां पोखर में नहाने गए दो बच्चे डूब गए। इनमें ग्राम दोन निवासी लक्ष्मण प्रसाद के पुत्र लवकुश कुमार की मौत हो गई, जबकि वासुदेव महतो के नाती को चिंताजनक स्थिति में पावापुरी रेफर किया गया है। उधर मुंगेर के बरियारपुर प्रखंड के झौआबहियार पंचायत में बुधवार को करमा-धरमा पूजा के दिन गंगा नदी के उफनते जल में नहाने के दौरान मां-बेटा और एक किशोरी की डूबने से मौत हो गई। मृतकों में पासवान टोला निवासी मणिकांत पासवान की पत्नी लक्ष्मी देवी (35), पुत्र निशिकांत कुमार (14) और पड़ोसी रुदल पासवान की पुत्री प्रिया कुमारी (15) शामिल हैं। सभी प्रमोद चौक स्थित ढाबा के पास नहाने गए थे। घटना की सूचना पर पहुंचे ग्रामीणों ने तीनों शवों को बाहर निकाला।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


