शुरुआती जांच में किसी भी तरह की चोट या हिंसा के सबूत नहीं मिले
नई दिल्ली । जॉर्जिया के पर्वतीय रिसॉर्ट गुदौरी के एक रेस्तरां में 11 भारतीय नागरिक की मौत हो गई। इसकी जानकारी भारतीय मिशन ने दी। जॉर्जिया के आंतरिक मामलों के मंत्रालय ने एक बयान जारी कर कहा कि शुरुआती जांच में किसी भी तरह की चोट या हिंसा के संकेत नहीं मिले हैं। मीडिया रिपोर्ट में पुलिस के हवाले से बताया गया है कि सभी की मौत कार्बन मोनोऑक्साइड से हुई है। भारतीय मिशन ने यहां जारी एक बयान में शोकसंतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। मिशन ने कहा कि मारे गए भारतीय नागरिकों के बारे में जानकारी प्राप्त करने के लिए स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में है और मामले में हरसंभव सहायता दी जाएगी।
इससे पहले भारतीय मिशन ने कहा था कि सभी 12 मृतक भारतीय नागरिक थे। सभी मृतक उक्त भारतीय रेस्तरां में बतौर कर्मचारी काम कर रहे थे और उनके शव दूसरी मंजिल पर शयन कक्षों में पाए गए। सूत्रों ने बताया कि जान गंवाने वाले लोग उत्तर भारत से ताल्लुक रखते थे। जॉर्जिया के आंतरिक मामलों के मंत्रालय ने कहा कि मृतकों में 11 विदेशी हैं जबकि एक जॉर्जियाई नागरिक है।
पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। यह लापरवाही से जुड़ी मौत का मामला है। पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच के मुताबिक शयन कक्षों के पास एक बंद स्थान में विद्युत जनरेटर रखा गया था, जिसे संभवतः शुक्रवार रात विद्युत आपूर्ति बंद होने के बाद चालू किया गया था। इसने बताया कि मौत के सही कारणों का पता लगाने के लिए फॉरेंसिक जांच भी की जा रही है।


