नई दिल्ली । प्राचीन काल में भारतीय भू-भाग पर विशालकाय सांप पाया जाता था। इस सांप की लंबाई 10.9 मीटर से 15.2 मीटर के बीच आंकी गई है। हाल ही में वैज्ञानिकों द्वारा किए गए एक अध्ययन में यह खुलासा हुआ है। माना जा रहा है कि यह सांप 4.7 करोड़ साल पहले भारत में पाया जाता था और यह आज के एनाकोंडा और अजगर से भी लंबा था।
इस अनोखी खोज को वैज्ञानिकों ने ‘वासुकी इंडिकस’ नाम दिया है। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान रुड़की के शोधकर्ताओं ने गुजरात की एक कोयला खदान में 2005 में खोजे गए 27 जीवाश्म कशेरुकाओं का विश्लेषण किया। शुरुआत में वैज्ञानिकों को लगा कि यह किसी प्राचीन मगरमच्छ जैसी प्रजाति के अवशेष हैं, लेकिन गहन अध्ययन के बाद इन्हें एक विशाल सांप की हड्डियों के रूप में पहचाना गया। शोधकर्ताओं के मुताबिक, वासुकी इंडिकस का शरीर चौड़ा और बेलनाकार था। हालांकि इसका पूरा कंकाल नहीं मिला है, लेकिन यह सांप कोलंबिया में पाए गए 13 मीटर लंबे टाइटनोबोआ के बराबर या उससे भी बड़ा हो सकता है।

विशेषज्ञों का मानना है कि प्राचीन काल में पृथ्वी की जलवायु गर्म और उष्णकटिबंधीय थी, जिससे बड़े आकार के सरीसृपों के विकास में मदद मिली। अध्ययन के अनुसार, उस समय औसत वार्षिक तापमान 28 डिग्री सेल्सियस था, जिससे सांपों का मेटाबॉलिज्म तेज हुआ और उनका आकार बढ़ सका। वैज्ञानिकों का मानना है कि वासुकी इंडिकस जमीन पर रहने वाला एक घातक शिकारी था, जो अपने शिकार को दबोचने के लिए अपने मजबूत शरीर का इस्तेमाल करता था। वासुकी इंडिकस के जीवाश्म उन्हीं चट्टानी परतों में पाए गए, जहां से रे फिश, कैटफिश, कछुए, मगरमच्छ और प्राचीन व्हेल के अवशेष भी मिले हैं। हालांकि यह तय नहीं है कि यह सांप किन जीवों को खाता था, लेकिन माना जा रहा है कि यह संभवतः इन्हीं में से कुछ का शिकार करता था।





