जरमुंडी । सावन की चौथी सोमवारी पर भी बाबा बासुकीनाथ धाम में शिवभक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। राजकीय श्रावणी मेला के मौके पर बासुकीनाथ में कांवरिया श्रद्धालुओं का जनसैलाब लागातार उमड़ रहा है। सावन शुक्ल अष्टमी तिथि और सोमवारी को लेकर राजकीय मेला के 22वें दिन फौजदारी बाबा की नगरी चतुर्दिक केसरियामय नजर आया। फौजदारी नगरी बोल बम के महामंत्रोच्चार से पूरी तरह शिवमय हो गया है।गेरूआ परिधानों और शिवभक्तों से पटी बाबा की नगरी मानों प्रातःकाल सूर्य की नवोदित किरणें बासुकीनाथ के क्षितिज पर अपनी लालिमा बिखेर रही हो।बासुकीनाथ के मुख्य पथों और मंदिर क्षेत्र सहित फौजदारी नगरी में शिवभक्ति की अविरल धारा सी प्रवाहित हो रही है। बासुकीनाथ धाम की पावन धरा का कण-कण शिवभक्तों की आध्यात्मिक उर्जा से प्रफुल्लित हो उठा है। शिवभक्ति की ऐसी समां बंधी है कि सीमित संसाधनों के बीच तमाम कष्टों को सहते हुए कांवरिया भक्त केवल शिव को ही याद करते रहते हैं। श्रद्धालुओं को जैसे शारिरिक पीड़ा का बोध ही नहीं हो और शिव से साक्षात्कार की उत्कंठा उन्हें स्फूर्त करती जाती हो। भक्तों की भीड़ से इस वर्ष सावन में रिकार्ड भीड़ दर्ज करा रही है। आस्था के अद्वितीय विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेले में भीड़ की निरंतरता नित नए कीर्तिमान गढ़ रही हैं। मासव्यापी श्रावणी मेला के 22वें दिन चौथे सोमवारी पर रिकार्ड भीड़ उमड़ी।बासुकीनाथ मंदिर कार्यालय से जारी अधिकारिक आंकड़ों के अनुसार शाम पांच बजे तक दिवाकालीन विश्राम पूजा तक 1,60,320 कांवरियों ने विभिन्न माध्यमों से बाबा बासुकीनाथ का जलाभिषेक किया। जिसमें सामान्य रूट लाईन से कतार में लगकर 1,36,490 कांवरियों ने अरघा से जलार्पण किया। वहीं शिवगंगा घाट पर बने जलार्पण काउंटर तथा सिंह द्वार पर स्थित कीर्तनशाला में बने जलार्पण काउंटरों में 14,379 कांवरियों ने जल डालकर और एलईडी स्क्रीन पर बाबा बासुकीनाथ का लाइव दर्शन कर पूजा अर्चना किया। जबकि बासुकीनाथ मंदिर कार्यालय से 300 का शीघ्र दर्शनाम कूपन लेकर 3,709 श्रद्धालुओं ने सीधे मंदिर में प्रवेश कर अरघा से जलार्पण किया। शाम 5:00 के बाद बासुकिनाथ मंदिर के कपाट क्षणिक विश्राम हेतु बंद कर दिए गए। इस दौरान कांवरियों की पूजा अर्चना पर रोक लगी रही। संध्या 6:00 बजे बासुकीनाथ मंदिर के पुनः खुलने पर एक बार फिर कांवरियों ने अरघा से भोलेनाथ पर जलार्पण किया।यह क्रम देर रात्रि श्रृंगार पूजा पर्यंत निर्बाध रूप से जारी रहा।
——
डाक जल लेकर 5742 डाकबम पहुंचे बासुकीनाथ मंदिर, किया बाबा का जलाभिषेक
—-
बाबा बासुकीनाथ मंदिर में चौथे सोमवारी पर जलाभिषेक करने के लिए उत्तर वाहिनी गंगा भागलपुर के बरारी घाट से पवित्र जल लेकर 5742 डाक कांवरिया बासुकिनाथ मंदिर पहुंचे और नागेश ज्योतिर्लिंग पर अरघा से जलार्पण किया। डाक बाबू को पूजा करने के लिए बासुकीनाथ मंदिर में प्रशासन द्वारा पूरी तैयारी की गई थी। डाकबम को शीघ्रदर्शनम प्रवेश द्वार से मंदिर में प्रवेश कराया गया। चौथे सोमवारी पर डाक बम की मदद करने के लिए बड़ी संख्या में स्वयंसेवक और सामाजिक संस्थाओं के सदस्य मौजूद रहे। डाक बम की सहायता कर उन्हें बासुकिनाथ मंदिर पहुंचने में आवश्यक सहयोग किया।
——
चौथे सोमवारी पर बासुकीनाथ मंदिर को 15.76 लाख की हुई आमदनी
—–
चौथे सोमवारी पर बाबा बासुकिनाथ मंदिर को श्रद्धालुओं के चढ़ावे और दान सहित विभिन्न स्रोतों से 15,76, 949 रूपये की नगद आमदनी हुई। जिसमें 3703 शीघ्रदर्शनम् के कूपन से 11,10,900 रुपए, दानपेटी से 3,79,310 रुपए, श्रद्धालुओं के चढ़ावै से प्राप्त गोलक के राशि की गिनती से 83340 रूपये एवं अन्य स्रोत से 3399 रूपये की आय हुई है। वहीं श्रद्धालुओं द्वारा भोलेनाथ पर चढ़ाए गए 110 ग्राम चांदी द्रव्य भी बासुकीनाथ मंदिर कोष को प्राप्त हुई हैं।
—–
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


