मामला ललमटिया थाना क्षेत्र के डहुआ गांव का
गोड्डा। जिले में ललमटिया थाना क्षेत्र अंतर्गत करीब 12 वर्षीय बच्ची की हत्या का मामला सामने आने से इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है। ललमटिया थाना क्षेत्र के डहुआ गांव में बच्ची का शव बहियार में मिला। जांच के दौरान पुलिस ने शव से करीब 500 मीटर दूर धान के खेत से उसका सिर भी बरामद किया। घटना की खबर फैलते ही गांव में लोगों की भीड़ जुट गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल है।
मृत बच्ची की पहचान नीतू मरांडी के रूप में हुई है। वह तलवा मरांडी की बेटी थी। बुधवार की रात नीतू अपने माता-पिता के साथ घर में सो रही थी। आशंका जताई जा रही है कि देर रात कोई उसे घर से बाहर ले गया। इसके बाद घर के पीछे उसकी हत्या किए जाने की बात सामने आ रही है। हालांकि, इस घटनाक्रम की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
गुरुवार की सुबह बहियार में बच्ची का शव मिलने की सूचना पुलिस को दी गई। इसके बाद ललमटिया थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। आसपास के इलाके में तलाशी के दौरान पुलिस ने शव मिलने की जगह से करीब 500 मीटर दूर धान के खेत से बच्ची का सिर बरामद किया। इस घटना के बाद पूरे गांव में दहशत फैल गई।
मामले में एक अहम बात यह भी सामने आई है कि जिस जगह बच्ची का शव मिला, वहां खून के निशान नहीं पाए गए। सिर बरामद होने वाली जगह पर भी खून के निशान नहीं मिलने की जानकारी मिली है। ऐसे में पुलिस के सामने घटना से जुड़े कई सवाल हैं। जांच टीम इन परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए मामले की पड़ताल कर रही है।
फिलहाल बच्ची की हत्या के पीछे का कारण सामने नहीं आया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस घटना को किसने अंजाम दिया और इसके पीछे क्या वजह थी। आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी को लेकर भी जांच जारी है। घटना के बाद पूरे गांव के लोग पुलिस की कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं।




