पलामू । सदर अस्पताल पलामू के सामने अवैध रूप से चल रहे रीमा सेवा सदन में रविवार रात कार्रवाई की गई। कई गंभीर अनियमितताएं सामने आने के बाद सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय पांडेय ने सिविल सर्जन डॉ अनिल श्रीवास्तव के साथ हॉस्पिटल को सील कर दिया। जांच में रीमा सेवा सदन परिसर का वैध किरायानामा उपलब्ध नहीं मिला। परिसर में कोई चिकित्सक या स्वास्थ्यकर्मी भी मौजूद नहीं था। इसके अलावा ऑपरेशन कक्ष, भर्ती मरीज एवं छुट्टी पंजिका तथा संबंधित चिकित्सकों के सहमति एवं अनुबंध पत्र जैसे आवश्यक अभिलेख भी उपलब्ध नहीं पाए गए। जैव चिकित्सा अपशिष्ट के उचित निस्तारण की व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं मिली। उपलब्ध व्यवस्था की वैधता अवधि समाप्त पाई गई। वहीं अग्नि सुरक्षा से संबंधित आवश्यक उपकरण एवं सुरक्षा व्यवस्था का भी अभाव पाया गया।
विशेषकर ऑपरेशन कक्ष में गंदगी मिली। बेहोशी देने के लिए आवश्यक व्यवस्था और कार्यस्थल उपलब्ध नहीं पाया गया। ऑपरेशन लैंप के स्थान पर साधारण जांच लैंप का इस्तेमाल किया जा रहा था। ऑपरेशन टेबल भी अत्यंत गंदा, क्षतिग्रस्त और फटा हुआ पाया गया। अधिकारियों के अनुसार यह स्थिति संक्रमण नियंत्रण और मरीजों की सुरक्षा की दृष्टि से गंभीर है। इसके अलावा किसी भी आपातकालीन चिकित्सकीय स्थिति से निपटने के लिए जरूरी उपकरण, दवाएं और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी उपलब्ध नहीं थीं। जांच में सेवा सदन परिसर में बिना वैध लाइसेंस के दवा दुकान संचालित किए जाने की बात भी सामने आई।
कई कमियां मिलने पर
रीमा सेवा सदन को सील कर दिया गया। सीलिंग के समय वहां दो महिला मरीज भर्ती थीं, जो ऑपरेशन के बाद स्वास्थ्य लाभ ले रही थीं। दोनों को सदर अस्पताल भेजा गया। सदर एसडीओ ने इस संबंध में जानकारी दी।


