गिरिडीह । झारखंड सरकार के मंत्री सह गिरिडीह सदर विधायक सुदिव्य कुमार सोनू के निधन के बाद सोमवार को उनके पुत्र श्रेयश ने बराकर नदी में अपने पिता की अस्थियों का विसर्जन किया। पूरे विधि-विधान और भावुक माहौल के बीच श्रेयश ने अपने पिता को अंतिम विदाई दी। अस्थि विसर्जन के दौरान परिवार के करीबी सदस्य और शुभचिंतक भी मौजूद रहे। इस दौरान माहौल पूरी तरह गमगीन रहा। पिता की अस्थियों को नदी में प्रवाहित करते समय श्रेयश भी भावुक नजर आए।
इस दौरान मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं। सुदिव्य कुमार सोनू के आकस्मिक निधन से गिरिडीह समेत पूरे झारखंड में शोक की लहर है. रविवार को उनके निधन के बाद अंतिम संस्कार उनके गृह क्षेत्र गिरिडीह में किया गया था। बड़ी संख्या में लोगों ने उनके अंतिम दर्शन किए और नम आंखों से उन्हें विदाई दी। सोमवार को बराकर नदी में अस्थि विसर्जन के साथ सुदिव्य कुमार सोनू के अंतिम संस्कार की धार्मिक प्रक्रिया का एक महत्वपूर्ण चरण पूरा हुआ। परिवार के लिए यह बेहद भावुक और पीड़ादायक क्षण रहा. समर्थकों और शुभचिंतकों ने दिवंगत मंत्री को श्रद्धांजलि देते हुए उनकी स्मृतियों को याद किया।


