– दिल्ली से रांची, दुर्गापुर और देवघर का किराया करीब दोगुना
– मुंबई-बेंगलुरु से हवाई सफर के दाम तीन गुना तक बढ़े
– बिहार जाने वाली ट्रेनों में भी लंबी वेटिंग
धनबाद । दिवाली और छठ के त्योहार पर झारखंड लौटने वाले लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। लंबी दूरी की ट्रेनों में सीटें लगभग फुल हो चुकी हैं और कई ट्रेनों में लंबी वेटिंग चल रही है। ऐसे में विमान से घर आने की योजना बना रहे यात्रियों को भी बढ़े हुए किराये का सामना करना पड़ रहा है।
इस वर्ष दिवाली 8 नवंबर को मनाई जाएगी, जबकि छठ पूजा 13 से 16 नवंबर तक चलेगी। धनबाद पहुंचने के लिए हवाई यात्रियों को आमतौर पर रांची, दुर्गापुर या देवघर के हवाई अड्डों का सहारा लेना पड़ता है। 6 नवंबर के लिए दिल्ली से इन तीनों शहरों की उड़ानों का किराया सामान्य दिनों की तुलना में करीब दोगुना हो गया है। वहीं मुंबई और बेंगलुरु से रांची, दुर्गापुर तथा देवघर आने का हवाई किराया करीब तीन गुना तक पहुंच गया है। लंबी दूरी की ट्रेनों में आरक्षण नहीं मिलने के कारण विमान का विकल्प चुनने वाले यात्रियों पर अब अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
त्योहारी सीजन में महानगरों में काम करने वाले झारखंड के लोगों की घर वापसी को आसान बनाने के लिए रेलवे लगातार पूजा स्पेशल ट्रेनें चला रहा है। इसके बावजूद नियमित ट्रेनों में सीटों की उपलब्धता सीमित है। छठ के लिए धनबाद से बड़ी संख्या में लोग बिहार जाते हैं। कई यात्रियों ने 60 दिन पहले ही टिकट बुक करा लिए थे। 6 और 7 नवंबर को वनांचल, मौर्य, रांची-गोरखपुर समेत बिहार जाने वाली कई ट्रेनों की सभी श्रेणियों में सीटें भर चुकी हैं। हालांकि पटना जाने वाली गंगा-दामोदर, धनबाद-पटना और पाटलिपुत्र एक्सप्रेस में फिलहाल कुछ सीटें उपलब्ध हैं। धनबाद से बिहार के लिए अभी किसी विशेष ट्रेन की घोषणा नहीं हुई है।


