काठमांडू । नेपाल के रसुवा में बुधवार सुबह तिब्बत से आए पानी के सैलाब से हाहाकार मच गया है। इस जल आपदा में रसुवा जिले में 19 पुलिसकर्मी लापता हो गए हैं। बागमती प्रदेश के पुलिस प्रमुख डीआईजी दीपक रेग्मी के अनुसार, रसुवागढ़ी पुलिस चौकी में तैनात 22 पुलिसकर्मियों में से केवल 9 से ही संपर्क हो पाया है। 13 पुलिसकर्मी से संपर्क नहीं हो पा रहा। स्याफ्रुबेसी में तैनात 9 पुलिसकर्मियों में से केवल 3 से संपर्क हो पाया है। पुलिसकर्मी लापता हैं। बाढ़ में पुलिस कार्यालय भी बह गया है। टिमुरे बीओपी में तैनात 9 सशस्त्र पुलिसकर्मी भी लापता बताए गए हैं।
रसुवा में सुबह करीब 9 बजे आई बाढ़ से टिमुरे, स्याफ्रुबेसी समेत नदी तटीय क्षेत्रों में भारी क्षति हुई है। प्रभावित क्षेत्रों में नेपाल के तीनों सुरक्षा निकायों को खोज, बचाव और राहत अभियान में लगाया गया है। खोज एवं बचाव अभियान के लिए नेपाली सेना ने दो हेलीकॉप्टरों सहित विशेष टीम भेजी है। अस्पतालों में सेना के स्वास्थ्यकर्मियों की टीम भी तैनात की गई है। बचाव कार्य के लिए धुन्चे, रसुवा और धादिङ के गजुरी से भी नेपाली सेना की टीमें भेजी गई हैं।
काठमांडू से भरतपुर तक पृथ्वी राजमार्ग बंद
भोटेकोशी नदी में आई अचानक बाढ़ के कारण पृथ्वी राजमार्ग के काठमांडू के नागढुंगा से चितवन के भरतपुर तक के हिस्से को पूरी तरह बंद कर दिया गया है। केंद्रीय पुलिस प्रवक्ता डीआईजी अविनारायण काफ्ले के अनुसार, धादिड़ जिले के राजमार्ग क्षेत्र भी बाढ़ से प्रभावित हो चुके हैं। अनहोनी की आशंका को देखते हुए दोनों दिशाओं से वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है। उन्होंने बताया कि बाढ़ ने दर्जनों बस्तियों और बाजारों को प्रभावित किया है।
तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए काठमांडू से आपदा प्रबंधन पुलिस की टीम भी प्रभावित क्षेत्र की ओर रवाना हो गई है। बाढ़ सतर्कता केंद्र ने चेतावनी दी है कि तिब्बत से आई भोटेकोशी नदी की भीषण बाढ़ का असर चितवन तक पहुंच सकता है। केंद्र ने तत्काल सतर्कता बरतने की अपील की है।
बाढ़ पूर्वानुमान शाखा ने सरकार से पृथ्वी राजमार्ग सहित क्षेत्र के प्रमुख कॉरिडोर मार्गों को बंद कर यातायात रोकने का आग्रह किया है। बाढ़ से रसुवा और नुवाकोट के नदी तटीय क्षेत्रों में भारी नुकसान हुआ है और इसका गंभीर प्रभाव मुग्लिन तक पड़ने की आशंका जताई गई है। त्रिशूली नदी से जुड़े सभी तटीय क्षेत्रों को जोखिम में बताते हुए लोगों से विशेष सतर्कता बरतने का आग्रह किया गया है।
रसुवा स्थित भोटेकोशी नदी में बाढ़ के दौरान इलाके में भूस्खलन भी हुआ है। ट्रैफिक पुलिस ने पृथ्वी राजमार्ग और पासाङल्हामु राजमार्ग से संचालित होने वाले सार्वजनिक वाहनों की आवाजाही रोक दी है। काठमांडू ट्रैफिक पुलिस कार्यालय के प्रवक्ता एसपी नरेशराज सुवेदी ने बताया कि काठमांडू से पृथ्वी राजमार्ग होते हुए चितवन समेत पश्चिमी जिलों, पोखरा, गोरखा, लमजुंग, धादिङ्ग, नुवाकोट और रसुवा जाने वाले वाहनों को काठमांडू में ही रोक दिया गया है।


