गोड्डा : राजाभीठा थाना क्षेत्र अंतर्गत बीते मंगलवार की रात आदिवासी महिला से एक एएसआई मिलने पहुंचा था जिसे ग्रामीणों ने बंधक बनाकर बिजली के खंभे से बांध दिया। मामले में प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव की एक महिला के साथ अवैध संबंधों के शक में ग्रामीणों ने एएसआई को बंधक बनाकर रात भर बिजली के खंभे से बांध कर रखा और उसकी जमकर पिटाई कर दी। वहीं अहले सुबह ग्रामीणों ने एएसआई को खंभे से खोलकर एक कमरे में बंद कर दिया और पंचायत के फैसले के बाद एएसआई को बंधक से मुक्त किया गया। ग्रामीणों का आरोप है कि एएसआई रामलाल टुडू मंगलवार की रात करीब 12 बजे उक्त गांव एक आदिवासी महिला मित्र से मिलने आया था और उसे आपत्तिजनक हालत में ग्रामीणों ने पकड़ लिया। ग्रामीणों का आरोप है कि टुडू अक्सर आधी रात को एक महिला के पास आता था, जिसको लेकर ग्रामीणों में काफी नाराजगी थी। ग्रामीणों ने एएसआई रामलाल टुडू को पकड़ कर रात भर बिजली के खंभे से बांधे रखा। ग्रामीणों ने बताया कि एएसआई काफी पहले से इस महिला के घर रात बिताने आ रहा था और अपनी पहचान छुपाने के लिए बाइक भी दूर खड़ी कर देता था, पर इस बार उसे रंगे हाथों पकड़ लिया गया।
उक्त घटना की सूचना मिलते ही कई थानों के पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और कई घंटों की मशक्कत के बाद एएसआई को ग्रामीणों से मुक्त कराया। गोड्डा सदर के पुलिस उपाधीक्षक विनेश लाल ने बताया कि एएसआई को सकुशल बचा लिया गया है और उसे नगर थाना ले जाया गया है। पुलिस का कहना है कि रामलाल टुडू शराब पीने के लिए गांव में गया हुआ था जबकि गांव वालों ने बताया कि उनका गांव की एक महिला के साथ अवैध संबंध है।
वहीं इस घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और जांच के बाद एएसआई के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पुलिस उपाधीक्षक विनेश लाल ने बताया कि सुबह 7 बजे नगर थाना को सूचना मिली कि राजाभीठा थाना क्षेत्र अंतर्गत भादरिया गांव के ग्रामीणों ने एक एएसआई को बंधक बना रखा है जिसके बाद पुलिस उक्त स्थल पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। वहीं पुलिस को ग्रामीणों द्वारा बताया गया कि एक एएसआई देर रात गांव में एक महिला से मिलने आया था जिसको ग्रामीणों ने देख लिया और पकड़ कर बंधक बना लिया। पुलिस ने ग्रामीणों से एएसआई को छोड़ने को कहा पर वे लोग छोड़ने को तैयार नहीं हुए और बताया कि पंचायत के फैसले के बाद ही कोई कार्यवाही की जाएगी फिलहाल पुलिस कर्मी को जाने नही दिया जाएगा। जिसके बाद पुलिस सुबह से शाम तक इंतजार करती रही और काफी मशक्कत के बाद देर शाम एएसआई को ग्रामीणों से मुक्त करा पाई। मिली जानकारी के अनुसार पंचों द्वारा एएसआई पर दो लाख का जुर्माना लगाया गया, जुर्माना की रकम देने के बाद एएसआई को छोड़ा गया और फिर प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा एएसआई को अपने साथ नगर थाना लेकर आई। वहीं प्रशासन द्वारा बताया गया कि उक्त मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है, उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now

