दुमका। अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस के अवसर पर मंगलवार को दुमका में खेल भावना, स्वस्थ जीवनशैली और भाईचारे का संदेश देने के उद्देश्य से विभिन्न प्रेरणादायक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। यह सफल आयोजन हॉकी दुमका और दुमका जिला रेसलिंग एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ।
इस खास मौके पर जिले के कई प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों में चित्रांकन प्रतियोगिता और मैत्री हॉकी मैच आयोजित किए गए। इसके तहत वेस्टर्न इंग्लिश स्कूल और निशांत आर्ट पेंटिंग एंड ट्यूशन क्लासेज (हरनाकुंडी रोड) में कला प्रतियोगिता कराई गई। वहीं एकलव्य मॉडल रेजिडेंशियल स्कूल में एक रोमांचक मैत्री हॉकी मैच खेला गया, जिसमें बड़ी संख्या में बच्चों और युवाओं ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया।
कार्यक्रम में दुमका जिला कुश्ती संघ के संरक्षक सह निदेशक अजय कुमार दुबे, हॉकी दुमका की अध्यक्ष सुमिता सिंह, जिला कुश्ती संघ के सचिव संदीप कुमार जय बमबम, कोषाध्यक्ष अशोक कुमार राउत, हॉकी दुमका के सचिव शंभू रजक तथा संयुक्त सचिव कुमार आर्यन सहित कई खेल पदाधिकारी उपस्थित रहे। खेल अधिकारियों ने सभी सफल प्रतिभागियों को मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
समारोह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि खेल केवल शारीरिक मजबूती का माध्यम नहीं है, बल्कि यह युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करने का सबसे सशक्त जरिया है। उन्होंने युवाओं से ओलंपिक के मूल मूल्यों यानी उत्कृष्टता, मित्रता और सम्मान को अपने जीवन में उतारने का आह्वान किया।
उल्लेखनीय है कि हर वर्ष 23 जून को अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस मनाया जाता है, क्योंकि इसी दिन वर्ष 1894 में इंटरनेशनल ओलंपिक कमेटी की स्थापना हुई थी। इस दिवस का मुख्य उद्देश्य खेलों के माध्यम से दुनिया में शांति, एकता और स्वस्थ समाज के निर्माण को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और खेल प्रेमियों ने नियमित खेल गतिविधियों से जुड़ने और दुमका में खेल संस्कृति को और अधिक मजबूत बनाने का दृढ़ संकल्प लिया।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


