पलामू । पलामू जिले के मोहम्मदगंज-जपला मुख्य पथ पर सोमवार सुबह भजनिया स्थित नागाबाबा मंदिर के पास बाइक और टेंपो की टक्कर में बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि घायल को अस्पताल पहुंचाने के लिए 108 एंबुलेंस और 112 पुलिस सेवा पर कई बार कॉल करने के बावजूद तत्काल मदद नहीं मिली। पुलिस के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 9:20 बजे रोहित अपने साथी के साथ मोहम्मदगंज से घर की ओर जा रहा था। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे टेंपो से बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि रोहित के गले में गंभीर चोट आई और उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, उसके साथी का सिर फट गया। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
रोहित मोहम्मदगंज थाना क्षेत्र के बटउआ गांव निवासी उदेश राम का पुत्र था और अपने ननिहाल रामनगर में रहता था। बाइक पर उसके साथ किसुंडीह टोला निवासी स्वर्गीय जटू राम का पुत्र भी सवार था, जिसे लोग लेदा के नाम से जानते हैं।
हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए। घायल की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्होंने 108 एंबुलेंस सेवा से संपर्क करने का कई बार प्रयास किया, लेकिन उनके अनुसार, कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद 112 पुलिस सेवा पर भी कॉल किया गया, पर तत्काल प्रतिक्रिया नहीं मिलने का आरोप है। अंततः ग्रामीणों ने थाने के मोबाइल नंबर पर घटना की सूचना दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। घायल को उसके परिजन इलाज के लिए हुसैनाबाद अस्पताल ले गए।
स्थानीय लोगों के अनुसार, मोहम्मदगंज-जपला मुख्य पथ पर भजनिया के मल्होरी टोला से सबनवा मोड़ तक पिछले एक माह में कई सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। ग्रामीणों का मानना है कि तेज रफ्तार और यातायात नियमों की अनदेखी हादसों की प्रमुख वजह हो सकती है। लगातार दुर्घटनाओं के बावजूद प्रभावी नियंत्रण नहीं होने से लोगों में चिंता बढ़ रही है।
ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि पिछले करीब पांच वर्षों से बाइक जांच अभियान चलाए जाने के बावजूद सड़क हादसों पर अंकुश क्यों नहीं लग पा रहा है। उन्होंने मुख्य पथ पर गति नियंत्रण के उपाय करने, नियमित यातायात निगरानी बढ़ाने और आपातकालीन सेवाओं को त्वरित एवं जवाबदेह बनाने की मांग की।


