संताल एक्सप्रेस संवाददाता
हिरणपुर (पाकुड़)। थाना क्षेत्र के तोड़ाई गांव के समीप मुख्य सड़क पर शुक्रवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 22 वर्षीय युवक अनूप मंडल की मौत हो गई। हादसे के बाद शनिवार सुबह आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने पाकुड़-हिरणपुर मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। करीब पांच से छह घंटे तक सड़क जाम रहने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन पूरी तरह बाधित रहा।जानकारी के अनुसार, अनूप मंडल शुक्रवार देर रात मोटरसाइकिल से पाकुड़ से अपने घर हिरणपुर लौट रहा था। सोलागढ़िया के आगे तोड़ाई गांव के समीप किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि अनूप गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।रात का समय होने के कारण अनूप काफी देर तक सड़क पर बेहोशी की हालत में पड़ा रहा। बाद में कुछ राहगीरों की नजर उस पर पड़ी, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को सदर अस्पताल सोनाजोड़ी पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया। बंगाल ले जाने के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक अनूप मंडल, मिलन मंडल का इकलौता पुत्र था। उसके पिता सोनाजोड़ी के समीप दुकान चलाते हैं। अनूप स्नातक की पढ़ाई करने के साथ एक पेट्रोल पंप पर काम कर परिवार की आर्थिक मदद भी करता था। इकलौते बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।शनिवार सुबह घटना से आक्रोशित परिजन और ग्रामीणों ने मुआवजे तथा अज्ञात वाहन चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर पाकुड़-हिरणपुर मुख्य मार्ग जाम कर दिया। सूचना मिलने पर अंचल अधिकारी मनोज कुमार, बीडीओ टूडू दिलीप और थाना प्रभारी विनय कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों और परिजनों से बातचीत कर उचित मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया, जिसके बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम समाप्त कर दिया।ग्रामीणों ने बताया कि इस मार्ग पर भारी वाहन अक्सर तेज रफ्तार से गुजरते हैं, जिसके कारण दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। लोगों ने सड़क पर वाहनों की गति नियंत्रित करने और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की मांग की है। इधर, पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान और दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी है।


