दुमका। जरमुंडी प्रखंड के जरदाहा स्थित झारखंड गवर्नमेंट टूल रूम एंड ट्रेनिंग सेंटर में मंगलवार को एक ऐतिहासिक क्षण देखने को मिला। संस्थान में डिप्लोमा इन टूल एंड डाई मेकिंग पाठ्यक्रम के विद्यार्थियों के लिए पहले दीक्षांत समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस खास मौके पर दुमका के उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और अपनी नई पारी की शुरुआत कर रहे विद्यार्थियों का हौसला बढ़ाया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त ने युवाओं में नई ऊर्जा का संचार किया। उन्होंने कहा कि आज का दिन इन विद्यार्थियों के जीवन का एक बेहद अहम पड़ाव है। अपनी पढ़ाई सफलतापूर्वक पूरी करने के बाद आज से ये सभी एक नई पहचान के साथ अपने व्यावसायिक जीवन में कदम रख रहे हैं।
उन्होंने इस बात पर विशेष जोर दिया कि सिर्फ डिग्री हासिल कर लेना ही हमारी आखिरी मंजिल नहीं होनी चाहिए, बल्कि असली कामयाबी तब है जब हासिल किए गए ज्ञान और कौशल का इस्तेमाल समाज और उद्योग जगत की तरक्की के लिए किया जाए। उपायुक्त ने प्रधानमंत्री के मेक इन इंडिया विजन का जिक्र करते हुए युवाओं से मेक इन दुमका के सपने को साकार करने की दिशा में आगे बढऩे की अपील की। उन्होंने बताया कि टूल एंड डाई मेकिंग जैसे बेहतरीन तकनीकी कोर्स युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के ढेरों दरवाजे खोलते हैं। यहां से मिली तकनीकी महारत के दम पर ये युवा देश की बड़ी-बड़ी औद्योगिक कंपनियों में अपनी मजबूत जगह बना सकते हैं। अपने संबोधन के दौरान उन्होंने सभी विद्यार्थियों को हमेशा कुछ नया सीखते रहने, नई तकनीकों को अपनाने और राज्य व देश के औद्योगिक विकास में अपना बहुमूल्य योगदान देने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में उपायुक्त ने सभी सफल विद्यार्थियों को उनके डिप्लोमा प्रमाण-पत्र सौंपे और उनके सुनहरे भविष्य की कामना की। इस गौरवपूर्ण समारोह में संस्थान के पदाधिकारी, प्रशिक्षक, छात्र-छात्राओं सहित कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।


