दुमका: झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी पर बड़ा राजनीतिक हमला बोला है। सोमवार को दुमका परिसदन में पत्रकारों से बातचीत करते हुए मंत्री ने कहा कि यूपी के सीएम आज मजाक के पात्र बन गए हैं। एक मामले में एमपी-एमएलए कोर्ट में पेशी के लिए दुमका पहुंचे अंसारी ने दो टूक शब्दों में कहा कि योगी आदित्यनाथ को शासन चलाने का ढंग (लूर) नहीं है।
बुलडोजर कार्रवाई पर आपत्ति जताते हुए उन्होंने कहा कि लोग बहुत मुश्किल से अपने बाप-दादाओं की गाढ़ी कमाई से आशियाना बनाते हैं, लेकिन यूपी सरकार उसे लगातार ढहा रही है। उन्हें गरीबों की हाय लगेगी और अब भाजपा उत्तर प्रदेश की सत्ता में दोबारा वापस नहीं आने वाली है।
—————————————————————–
ममता और अभिषेक बनर्जी को झारखंड आने का न्योता
पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के नेताओं पर हुए हमलों को लेकर भी स्वास्थ्य मंत्री ने भाजपा को घेरा। उन्होंने कहा कि अभिषेक बनर्जी पर हुआ जानलेवा हमला एक बेहद गंभीर मामला है। बंगाल में कानून-व्यवस्था को लेकर उन्होंने कहा कि हमने ममता बनर्जी और उनके भतीजे अभिषेक बनर्जी को झारखंड आने का निमंत्रण दिया है। हमारी सरकार उन्हें पूरी सुरक्षा और बेहतर इलाज की सुविधा मुहैया कराएगी। अंसारी ने सवाल उठाया कि झारखंड में भी हमारी सरकार है, लेकिन क्या हमने कभी भाजपा के लोगों के साथ ऐसी हिंसा की?
—————————————————————–
बाबूलाल मरांडी पर बरसे, कहा— ‘माफी मांगें वरना होगी जेल’
स्वास्थ्य मंत्री ने भाजपा नेता बाबूलाल मरांडी को सीधे चेतावनी देते हुए कहा कि वह स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ लगातार अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं। अगर उन्होंने तीन दिनों के भीतर अपने बयानों के लिए माफी नहीं मांगी, तो उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
झारखंड राज्य के गठन का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि यह राज्य शिबू सोरेन और फुरकान अंसारी जैसे नेताओं के कड़े संघर्ष की बदौलत अलग हुआ है। अगर झारखंड अलग राज्य नहीं बना होता, तो बाबूलाल मरांडी आज बिहार विधानसभा के बाहर कटोरा लेकर बैठे नजर आते।


