हुसैनाबाद में बैठक कर मजदूरों और आश्रितों ने लिया निर्णय
पलामू । पलामू जिले के हुसैनाबाद स्थित जपला सीमेंट फैक्ट्री की बेशकीमती जमीन की नीलामी के खिलाफ मजदूरों ने कानूनी लड़ाई लड़ने का निर्णय लिया है। मजदूर और उनके आश्रित नीलामी प्रक्रिया को चुनौती देने के लिए न्यायालय का दरवाजा खटखटाएंगे। बुधवार को हुसैनाबाद में आयोजित मजदूरों की बैठक में सर्वसम्मति से यह फैसला लिया गया। बैठक में तय किया गया कि पूर्व मजदूर नेता नेजाम खान के नेतृत्व में नीलामी के खिलाफ कानूनी लड़ाई लड़ी जाएगी। बैठक में शामिल मजदूरों और उनके आश्रितों ने कहा कि जपला सीमेंट फैक्ट्री की जमीन महज संपत्ति का मामला नहीं है, बल्कि इससे वर्षों तक फैक्ट्री में मेहनत करने वाले मजदूरों के हित और भविष्य जुड़े हैं। जमीन की बिक्री प्रक्रिया में मजदूरों के हितों की अनदेखी स्वीकार नहीं की जाएगी।
मजदूरों ने कहा कि इतनी बड़ी संपत्ति की नीलामी से पहले पारदर्शिता और व्यापक स्तर पर सार्वजनिक सूचना सुनिश्चित की जानी चाहिए थी, जिससे कि संबंधित पक्षों को प्रक्रिया की जानकारी मिल सके और वे अपनी बात रख सकें।

बैठक में नीलामी प्रक्रिया को लेकर पूर्व में उठाए गए सवालों पर भी चर्चा हुई। मजदूरों ने जमीन की बिक्री के विज्ञापन के सीमित प्रसार, स्थानीय स्तर पर सूचना सार्वजनिक नहीं किए जाने और बोलीदाताओं के कथित आपसी व्यावसायिक संबंधों पर सवाल उठाए। उनका कहना था कि इन सभी बिंदुओं की न्यायिक जांच होनी चाहिए, जिससे कि नीलामी की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके।
उल्लेखनीय है कि जपला सीमेंट फैक्ट्री की देवरी कला, खैर और कुसुआ मौजा स्थित 81.04 एकड़ जमीन की नीलामी में 35.05 करोड़ रुपये की सर्वाधिक बोली लगाने वाले राजबली सिंह की बोली को न्यायालय ने 29 अक्टूबर 2026 को अस्थायी स्वीकृति दी थी।
वहीं, फैक्ट्री से संबंधित बिहार के रोहतास जिले में स्थित 206.96 एकड़ जमीन की बिक्री को लेकर भी पहले सवाल उठ चुके हैं। दोनों मामलों में नीलामी की पारदर्शिता, विज्ञापन की पहुंच और बोलीदाताओं की स्वतंत्र भागीदारी को लेकर उठे सवाल अब मजदूरों की कानूनी लड़ाई का प्रमुख आधार बन रहे हैं।
बैठक में मजदूरों ने एकजुटता प्रदर्शित करते हुए कहा कि वे अपने अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए कानूनी संघर्ष से पीछे नहीं हटेंगे। बैठक में हुसैनाबाद नगर पंचायत अध्यक्ष अजय कुमार भारती, देवरी कला पंचायत के मुखिया मनोज भारती, मजदूर नेता नेजाम खान, शरीफ खान, नागेंद्र सिंह, असलम खान, रमेश चंद्र पांडेय, विक्रम पासवान, पंकज चटर्जी और श्रीराम सिंह सहित सैकड़ों मजदूर एवं उनके आश्रित उपस्थित थे।





