मुंबई । कतर से भारत आई एक महिला ड्रग तस्कर को 6.5 किलो कोकीन के साथ मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पकड़ा गया। डीआरआई अधिकारियों ने बताया कि इस भारतीय महिला तस्कर के पास से जब्त कोकीन की कीमत 62 करोड़ 6 लाख रुपये है। डीआरआई की मुंबई इकाई के अधिकारियों ने इस महिला तस्कर को मुंबई अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर रंगे हाथों पकड़ा। डीआरआई को एक सूत्र से सूचना मिली थी कि कतर, दोहा से मुंबई आ रही एक महिला ड्रग्स की तस्करी कर रही है। इस सूचना के आधार पर, डीआरआई मुंबई के अधिकारियों ने सोमवार को मुंबई हवाई अड्डे पर जैसे ही महिला, एक भारतीय नागरिक, बाहर आई, अधिकारियों ने उसे रोक लिया। जब उसके सामान की जाँच की गई, तो उसमें ओरियो बिस्कुट के 6 डिब्बे और चॉकलेट के 3 बड़े डिब्बे मिले। जब इस सामान को खोला गया, तो सभी 9 डिब्बों में कोकीन पाया गया। महिला अपने साथ सफेद पाउडर से भरे 300 छोटे कैप्सूल में यह कोकीन लेकर आई थी।

डीआरआई अधिकारियों ने फील्ड टेस्ट किट से मौके पर ही इस कोकीन की जांच की। साथ ही सभी कैप्सूल की अलग-अलग जांच की गई। इस दौरान पता चला कि इन कैप्सूल में कोकीन है। महिला के पास से कुल 6 किलो 261 ग्राम कोकीन जब्त की गई और इसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 62 करोड़ 6 लाख रुपये है। महिला को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार किया गया है। डीआरआई इस मामले की आगे जांच कर रही है। इस महिला को यह कोकीन किसने दिया?, वह इसे आगे किसे देने वाली थी?, उसने पहले कितनी बार ड्रग्स की तस्करी की है?, इन सभी मामलों की तहकीकात की जा रही है। सूत्रों के अनुसार जांच एजेंसी को शक है कि इस तस्करी में देश-विदेश के कई लोग शामिल हैं।





