14 साल से संतान न होने को लेकर रहती थी अवसाद में
सरैयाहाट । सरैयाहाट बस्ती स्थित कोदवा बांध के समीप शनिवार को एक कुएं से पुलिस ने 36 वर्षीय महिला का शव बरामद किया। मृतका की पहचान सरैयाहाट निवासी अशोक पोद्दार की पत्नी पत्रिका देवी के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मिली जानकारी के अनुसार स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और कुएं से शव को बाहर निकाला। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। बताया जाता है कि पत्रिका देवी की शादी करीब 14 वर्ष पूर्व हुई थी, लेकिन अब तक उन्हें संतान प्राप्ति नहीं हुई थी। इसी कारण वह लंबे समय से मानसिक तनाव और अवसाद में रहती थीं। पारिवारिक स्तर पर भी इस मुद्दे को लेकर कभी-कभी विवाद होने की बात सामने आई है। हालांकि, महिला की मौत आत्महत्या है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है, यह अब तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं भी हो रही हैं। थाना प्रभारी राजेंद्र यादव ने बताया कि अब तक परिजनों की ओर से किसी प्रकार का लिखित आवेदन नहीं दिया गया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, साथ ही अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई में जुटी है। महिला की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।


