52 किलोग्राम भार वर्ग में झारखंड टीम का करेंगे प्रतिनिधित्व, 14 से 19 अक्टूबर तक श्रीनगर में होगी प्रतियोगिता
देवघर । देवघर के वुशु खिलाड़ी विशाल कुमार का चयन स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसजीएफआई) की अंडर-17 स्कूल नेशनल वुशु प्रतियोगिता के लिए झारखंड टीम में हुआ है। वह 52 किलोग्राम भार वर्ग में राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगे। प्रतियोगिता 14 से 19 अक्टूबर तक श्रीनगर के इंडोर स्टेडियम में आयोजित होगी।
विशाल लगातार दो वर्षों तक चयन ट्रायल में दूसरे स्थान पर रहे थे। निरंतर प्रयास और मेहनत के बाद इस बार उन्होंने चयन हासिल कर लिया।
विशाल के पिता विमलेश मांझी ने बताया कि उनके बेटे में वुशु के प्रति काफी जुनून है। वह गीता देवी पब्लिक स्कूल में सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत हैं। उनका सपना है कि बेटा देश के लिए पदक जीते।विशाल के चयन पर देवघर जिला वुशु संघ के अध्यक्ष आजाद पाठक, सचिव संजय झा और जिला शिक्षा परियोजना के वुशु प्रभारी हरिदास राय ने बधाई दी। जिला शिक्षा पदाधिकारी, एडीपीओ और फील्ड मैनेजर राम सागर ने भी विशाल की उपलब्धि पर प्रसन्नता जताते हुए उसे शुभकामनाएं दीं।


