संताल एक्सप्रेस संवाददाता
जामताड़ा। जिले के गोविंदपुर–साहेबगंज मुख्य मार्ग पर शनिवार को उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब आदिवासी नेता सोमा मुंडा की हत्या के विरोध में देशमांझी परगना बाईसी संगठन ने पोसोई मोड़ के समीप जोरदार सड़क जाम किया। आंदोलन का नेतृत्व संगठन के जिलाध्यक्ष जगदीश मुर्मू ने किया। इसमें विभिन्न गांवों से पहुंचे सैकड़ों आदिवासी महिला-पुरुषों की सहभागिता रही।सुबह से ही प्रदर्शनकारी सड़क पर बैठ गए, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। राहगीरों, स्कूली बच्चों और मरीजों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। आंदोलनकारियों ने हाथों में तख्तियां लेकर नारेबाजी करते हुए हत्या के दोषियों की अविलंब गिरफ्तारी, कठोर सजा और फांसी देकर न्याय दिलाने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान सरकार और प्रशासन के प्रति गहरा आक्रोश देखने को मिला। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मौके पर एसडीपीओ विकास आनंद लागूरी, जामताड़ा थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो तथा नारायणपुर थाना प्रभारी मुराद हुसैन पुलिस बल के साथ पहुंचे। अधिकारियों ने आंदोलनकारियों से संवाद स्थापित कर उनकी मांगों को वरीय अधिकारियों तक पहुंचाने और निष्पक्ष कार्रवाई का भरोसा दिलाया। लगभग दोपहर दो बजे प्रशासनिक हस्तक्षेप और आपसी सहमति के बाद सड़क जाम हटाया गया, जिसके पश्चात यातायात सामान्य हो सका। आंदोलन में मनोज हेंब्रम, राजेश टुडू, दिलीप कुमार मुर्मू, बाबूलाल सोरेन, विश्वनाथ मरांडी, जीवन मुर्मू, बिनय मुर्मू सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि शीघ्र न्याय नहीं मिला तो वे और अधिक उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


