दुमका। सिदो कान्हु मुर्मु विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. कुनुल कंदिर अचानक अस्वस्थ हो गई हैं। 23 फरवरी को कुलपति आवास पर उनकी तबीयत बिगड़ने के बाद चिकित्सकों की सलाह पर उन्हें पहले रांची के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। स्थिति को देखते हुए बेहतर उपचार के लिए 26 फरवरी को उन्हें एयर एम्बुलेंस के माध्यम से हैदराबाद स्थित एआईजी अस्पताल ले जाया गया है, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है।
कुलपति की अनुपस्थिति और विश्वविद्यालय में प्रति कुलपति का पद रिक्त होने के कारण प्रशासनिक और वित्तीय कार्यों के निष्पादन में तकनीकी अड़चनें आ रही हैं। इस संकटपूर्ण स्थिति के बीच विश्वविद्यालय प्रशासन ने राजभवन को पूरी वस्तुस्थिति से अवगत करा दिया है। राजभवन से अनुरोध किया गया है कि कुलपति के स्वस्थ होकर लौटने तक विश्वविद्यालय के कार्यों को सुचारू रूप से चलाने के लिए वैकल्पिक प्रशासनिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
विश्वविद्यालय के सुचारू संचालन के लिए डीएसडब्ल्यू डॉ. जयनेंद्र यादव की अध्यक्षता में सभी पदाधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि कुलपति की अनुपस्थिति के बावजूद विद्यार्थियों के हितों को सर्वोपरि रखा जाएगा। पूर्व निर्धारित परीक्षाएं और छात्रों से जुड़े जरूरी काम समय पर होते रहेंगे, जिसके लिए परीक्षा नियंत्रक को कड़े निर्देश दिए गए हैं।
कुलसचिव डॉ. राजीव रंजन शर्मा ने बताया कि कुलपति के स्वास्थ्य से जुड़ी हर अपडेट नियमित रूप से राजभवन भेजी जा रही है। फिलहाल विश्वविद्यालय प्रशासन को राजभवन से मिलने वाले दिशा-निर्देशों का इंतजार है ताकि प्रशासनिक चुनौतियों का समाधान निकाला जा सके।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


