बरेली । यूपी के बरेली में उत्तराखंड पुलिस ने ड्रग्स माफियाओं के खिलाफ उधम सिंह नगर एसएसपी ने 300 पुलिस कर्मियों के साथ कार्रवाई की। इस दौरान 25 ड्रग्स माफियाओं को गिरफ्तार कर उत्तराखंड ले गई है। उत्तराखंड पुलिस इनसे पूछताछ कर रही है और जल्द ही बड़े खुलासे होने का दावा किया जा रहा है।
यह सर्जिकल स्ट्राइक बरेली जिले के थाना फतेहगंज पश्चिमी के अगरासपुर गांव में हुई। उधम सिंह नगर के एसपी ने सोमवार रात 300 पुलिस कर्मियों के साथ अचानक गांव में धावा बोला। उत्तराखंड में दूसरे प्रदेशों से तस्करी कर लाए गए नशीले पदार्थों को बेचा जा रहा था। पुलिस को सूचना मिली कि बरेली के ड्रग्स माफिया नशीले पदार्थों को उत्तराखंड में बेचते हैं जिससे युवा इसके शिकार हो रहे हैं। इस पर लगाम लगाने के लिए उत्तराखंड के डीजीपी ने मोर्चा संभाला और जिम्मेदारी एसपी को सौंपी।
जानकारी के मुताबिक बीती रात एसएसपी के नेतृत्व में टीम बरेली के अगरासपुर गांव पहुंची पूरे गांव को घेर लिया। घरों की तलाशी के बाद 25 ड्रग्स माफियाओं को गिरफ्तार किया गया। यह ऑपरेशन गोपनीय रखा गया, जिससे सफल मिली।
उत्तराखंड पुलिस की बरेली सर्जिकल स्ट्राइक पर एसएसपी बरेली ने सवाल खड़े कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड पुलिस अधिकारियों ने सर्जिकल स्ट्राइक के पहले या बाद में कोई जानकारी साझा नहीं की। कार्रवाई से स्थानीय पुलिस को अवगत कराना जरूरी था। उन्होंने कहा कि मुस्लिम बाहुल्य गांव था और पुलिस अधिकारियों ने रहमजान में सहरी के वक्त रेड की थी और कोई भी बड़ी अनहोनी हो सकती थी। होली के त्यौहार में खलल मच सकता था।


