मसलिया। मसलिया थाना क्षेत्र के पाटनपुर गांव में शनिवार दोपहर करीब एक बजे फर्जी पुलिस बनकर एक विधवा महिला के घर वसूली करने पहुंचे दो युवकों को ग्रामीणों की सतर्कता और मसलिया पुलिस की त्वरित कार्रवाई से रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों आरोपी चारपहिया वाहन से गांव पहुंचे थे और खुद को देवघर जिले के सारठ थाना की पुलिस बताकर रौब झाड़ रहे थे। जानकारी के अनुसार, पाटनपुर निवासी विधवा महिला सीमा गोंराई के घर पहुंचे दोनों युवकों ने उनके बेटे निरंजन गोंराई से सीमा गोंराई को बुलाने को कहा। उस समय निरंजन दुकान पर अकेला था। दोनों युवक खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए पूछताछ करने लगे। निरंजन को उन पर उस समय शक हुआ, क्योंकि कुछ महीने पहले भी नकली पुलिस बनकर कुछ बदमाशों ने उनके यहां लूटपाट की घटना को अंजाम दिया था। शक होने पर निरंजन ने दोनों का वीडियो बनाने के लिए मोबाइल कैमरा निकाला।
कैमरा देखते ही दोनों युवक पुलिसिया रौब दिखाने लगे, जिससे संदेह और गहरा गया। इसके बाद निरंजन ने गुप्त रूप से मसलिया थाना पुलिस को पूरे मामले की सूचना दे दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी राजेश रंजन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इस बीच ग्रामीणों ने दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया और भागने से रोकने के लिए बिजली के खंभे से बांधकर रखा। पुलिस के पहुंचने पर दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर थाना लाया गया। पुलिस पूछताछ के लिए सीमा गोंराई को भी थाना लाई है, ताकि पूरे मामले की वस्तुस्थिति स्पष्ट की जा सके। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच जारी है तथा दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद विधिसम्मत अग्रेतर कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में चर्चा का माहौल है और ग्रामीणों ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की।


