एक आरोपी पर पहले से कई मामले दर्ज
देवघर। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर के निर्देश पर सारठ थाना क्षेत्र में की गई छापेमारी के दौरान दो युवकों को ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई मंगलवार को गुप्त सूचना के आधार पर की गई। अंचलाधिकारी कृष्ण चंद्र सिंह मुंडा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सारठ थाना क्षेत्र के करहैया मुख्य सड़क पर छापेमारी की। इस दौरान दोंदिया निवासी 21 वर्षीय विष्णु कुमार यादव और फुलची निवासी 20 वर्षीय रोहित कुमार दास को पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उनके पास से 4.97 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई, जिसे पुलिस ने विधिवत जब्त कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक नीले रंग की टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल भी जब्त की है। जांच में सामने आया है कि इस वाहन का उपयोग ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री और परिवहन में किया जाता था। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। जांच के दौरान यह भी पता चला कि विष्णु कुमार यादव का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। उसके खिलाफ सोनारायठाढ़ी थाना में वर्ष 2021 से 2024 के बीच मारपीट, धमकी, चोरी, महिला उत्पीड़न और अन्य गंभीर धाराओं से जुड़े कई मामले दर्ज हैं।
इस अभियान में अंचलाधिकारी कृष्ण चंद्र सिंह मुंडा, थाना प्रभारी दीपक कुमार साह, जंगबहादुर सिंह, जमशेद आलम समेत पुलिस बल के अन्य जवान शामिल थे। पुलिस ने कहा है कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।


