देवघर। रिखिया थाना क्षेत्र के ठाढ़ी गांव स्थित देवान बाबा मैदान में मिले सिर कटे शव के मामले में पुलिस ने तेजी दिखाते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस सनसनीखेज घटना से इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ था, जिसे पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर सुलझाने का दावा किया है। जानकारी के अनुसार 16 मार्च को मैदान में एक अज्ञात सिर कटा शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए रिखिया थाना में कांड दर्ज कर जांच शुरू की गई। एसपी सौरभ के निर्देश पर सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष जांच टीम का गठन किया गया। गठित टीम ने घटनास्थल पर तकनीकी और फॉरेंसिक जांच करते हुए शव की पहचान सुनिश्चित की। इसके बाद जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने घटना में शामिल दो महिला और एक पुरुष को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त दो स्कूटी, एक कार, धारदार हथियार, मृतक का मोबाइल फोन और खून लगा टोपी बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपियों में बैजनाथपुर की बबीता देवी उर्फ पायल सिंह, करनीबाग की पायल राउत और संजीव कुमार उर्फ झगरू शामिल हैं। पुलिस के अनुसार तीनों ने मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया था। फिलहाल सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।
इस कार्रवाई में रिखिया, कुंडा और मोहनपुर थाना की पुलिस टीम के साथ अनुसंधान विंग के अधिकारी भी शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि मामले की आगे की जांच जारी है और हत्या के पीछे के कारणों का भी पता लगाया जा रहा है।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


